उत्तराखंड - प्रेमी युगल छात्र-छात्रा के बीच झगड़ा खूनी संघर्ष में बदला, दोनों गंभीर रूप से घायल, अस्पताल में भर्ती
उत्तराखंड - देहरादून के क्लेमेंटाउन थाना क्षेत्र में छात्र और छात्रा के बीच आपसी विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। जानकारी के अनुसार मामूली बात को लेकर शुरू हुई बहस में गुस्से में आकर दोनों ने एक-दूसरे पर चाकू से हमला कर दिया। मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों घायल छात्रों को दून हॉस्पिटल ले जाया गया, जहाँ उनका इलाज जारी है।
जानकारी के अनुसार, दोनों छात्र क्लेमेंटाउन स्थित एक निजी विश्वविद्यालय में एमसीए प्रथम वर्ष के छात्र हैं। दोनों अलग-अलग प्राइवेट हॉस्टल में रहते हैं। पिछले कुछ समय से दोनों के बीच प्रेम प्रसंग चल रहा था, लेकिन आज छात्र को जानकारी मिली कि युवती का प्रेम प्रसंग कहीं और भी चल रहा है। इस बात को लेकर दोनों में बहस हुई और बहस गुस्से में बदल गई। पुलिस के अनुसार, युवक मूल रूप से उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर का निवासी है, जबकि युवती देहरादून के रायपुर क्षेत्र की रहने वाली है।
एसपी सिटी प्रमोद कुमार ने बताया कि सूचना मिलने के बाद थाना क्लेमेंटाउन से पुलिस बल तत्काल मौके पर पहुंचा। घटनास्थल पर छात्रों से पूछताछ की गई और वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है। पुलिस ने बताया कि इस मामले में कानूनी कार्रवाई की जा रही है और घायल दोनों छात्रों का इलाज जारी है।
