उत्तराखंड - मंदिर में पूजा करने गई 26 वर्षीय युवती का कार सवार लोगों ने किया अपहरण, 24 घंटे बाद भी कोई सुराग नहीं 

 | 
उत्तराखंड - मंदिर में पूजा करने गई 26 वर्षीय युवती का कार सवार लोगों ने किया अपहरण, 24 घंटे बाद भी कोई सुराग नहीं 

Uttarakhand Crime - हरिद्वार जिले के लक्सर कोतवाली क्षेत्र में मंदिर में पूजा करने गई 26 वर्षीय युवती के कार सवार लोगों द्वारा कथित रूप से अपहरण किए जाने का मामला सामने आया है। घटना के 24 घंटे बाद भी युवती का कोई सुराग नहीं लग पाया है। परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ अपहरण का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

परिजनों के अनुसार, युवती गुरुवार एक अक्टूबर को रोजाना की तरह सुबह करीब 7:30 बजे रुड़की रोड स्थित शिव मंदिर में पूजा करने के लिए घर से निकली थी। पूजा के बाद वह आमतौर पर घर लौट आती थी, लेकिन काफी देर तक वापस नहीं पहुंची तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। मंदिर और आसपास के क्षेत्रों में तलाश के बाद भी युवती का पता नहीं चला।

परिजनों का आरोप है कि तलाश के दौरान रुड़की रोड की ओर एक कार में कुछ लोगों को युवती को कथित तौर पर जबरन बैठाकर ले जाते हुए देखा गया। परिजनों ने बाइक से कार का पीछा करने का प्रयास किया, लेकिन कार पकड़ में नहीं आई। हालांकि, परिजनों ने कार का नंबर नोट कर लिया। शोर मचाने पर आसपास के लोग भी मौके पर एकत्र हुए, लेकिन तब तक कार वहां से निकल चुकी थी।

इसके बाद परिजन लक्सर कोतवाली पहुंचे और पुलिस को घटना की जानकारी देते हुए युवती की सकुशल बरामदगी की मांग की। पुलिस ने तहरीर के आधार पर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ BNS की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है।

कोतवाली प्रभारी निरीक्षक प्रवीण सिंह कोश्यारी ने बताया कि परिजनों की ओर से बताए गए कार नंबर और अन्य उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर जांच की जा रही है। युवती की तलाश के लिए पुलिस की टीमें संभावित स्थानों पर भेजी गई हैं और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस का कहना है कि युवती की सकुशल बरामदगी के लिए प्रयास जारी हैं और मामले में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।

WhatsApp Group Join Now