रामनगर–देहरादून के बीच नई रेल सेवा को मिली हरी झंडी, गढ़वाल सांसद अनिल बलूनी ने रेल मंत्री से की मांग
देहरादून - उत्तराखंड के यात्रियों के लिए राहत भरी खबर है। केंद्र सरकार ने रामनगर और देहरादून के बीच नई सीधी रेल सेवा के संचालन को मंजूरी दे दी है। रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने इस संबंध में गढ़वाल सांसद अनिल बलूनी को पत्र भेजकर स्वीकृति की जानकारी दी। बताया जा रहा है कि सांसद बलूनी ने जनवरी में रेल मंत्री से मुलाकात कर रामनगर–देहरादून के बीच सीधी ट्रेन चलाने का आग्रह किया था। इस मांग पर सकारात्मक कार्रवाई करते हुए केंद्र सरकार ने अब इस नई रेल सेवा को हरी झंडी दे दी है।
सांसद बलूनी ने इसके लिए केंद्र सरकार और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार जताया। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार उत्तराखंड में रेल सुविधाओं के विस्तार को लेकर लगातार संवेदनशील और प्रतिबद्ध रही है। उन्होंने बताया कि राज्य में पहले भी कई महत्वपूर्ण रेल सेवाएं शुरू की जा चुकी हैं, जिनमें काठगोदाम–देहरादून के बीच नैनी दून एक्सप्रेस, कोटद्वार–नई दिल्ली रेल सेवा और देहरादून–लखनऊ के बीच वंदे भारत एक्सप्रेस शामिल हैं।
सांसद के अनुसार, रामनगर–देहरादून रेल सेवा शुरू होने से यात्रियों को आवागमन में बड़ी राहत मिलेगी। यात्रा का समय कम होगा, खर्च में कमी आएगी और क्षेत्र के सामाजिक व आर्थिक विकास को भी गति मिलेगी। उन्होंने इसे उत्तराखंड के समग्र विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया।
