उत्तराखंड - देहरादून में गैंगस्टर विक्रम शर्मा हत्याकांड का खुलासा, ख़ुद जिम जॉइन कर ऐसे रची साज़िश 

 | 
उत्तराखंड - देहरादून में गैंगस्टर विक्रम शर्मा हत्याकांड का खुलासा, ख़ुद जिम जॉइन कर ऐसे रची साज़िश

देहरादून - राजधानी देहरादून में चर्चित गैंगस्टर विक्रम शर्मा हत्याकांड मामले में पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। Special Task Force (एसटीएफ) और दून पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में साजिश में शामिल दो आरोपियों को अलग-अलग राज्यों से गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अक्षत ठाकुर और राजकुमार के रूप में हुई है।

पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने कई महीनों पहले ही विक्रम शर्मा की हत्या की साजिश रच ली थी। जांच में सामने आया है कि हत्या की योजना जमशेदपुर और नोएडा में भी बनाई गई थी, लेकिन विक्रम शर्मा के साथ हमेशा लोगों की मौजूदगी के कारण आरोपी अपने मंसूबों में कामयाब नहीं हो सके।

जिम में रहकर बनाई गई थी पूरी प्लानिंग- 
चौंकाने वाली बात यह है कि घटना से करीब तीन महीने पहले साजिश में शामिल एक आरोपी ने उसी जिम को ज्वॉइन किया था, जहां विक्रम शर्मा नियमित रूप से जाया करता था। आरोप है कि उसी आरोपी ने घटना वाले दिन फोन के जरिए अपने साथियों को विक्रम के जिम में मौजूद होने की सूचना दी।

हरिद्वार से किराए पर ली स्कूटी और बाइक-
हत्या के बाद फरार होने की पूरी तैयारी पहले से कर ली गई थी। पुलिस के मुताबिक आरोपियों ने भागने के लिए हरिद्वार से स्कूटी और बाइक किराए पर ली थी, जिनका इस्तेमाल वारदात के बाद फरार होने में किया गया।

13 फरवरी को मारी गई थी गोली- 
गौरतलब है कि 13 फरवरी को सिल्वर सिटी मॉल स्थित जिम से बाहर निकलते समय विक्रम शर्मा की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इस सनसनीखेज वारदात के बाद शहर में दहशत का माहौल बन गया था।

छह आरोपी अब भी फरार- 
मामले में अभी भी छह आरोपी फरार चल रहे हैं। फरार आरोपियों की पहचान अंकित वर्मा, आशुतोष सिंह, विशाल सिंह (निवासी जमशेदपुर, झारखंड), आकाश कुमार, यशराज और जितेंद्र के रूप में हुई है। देहरादून एसएसपी ने फरार आरोपियों पर 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया है।
पुलिस का कहना है कि फरार आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है और जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

WhatsApp Group Join Now