हल्द्वानी - किचन से करियर तक, शेफ भूपेंद्र रावत ने ग्राफिक एरा के छात्रों को सिखाए ‘हिमालयी जायके’ के वैश्विक मंत्र

 | 
हल्द्वानी - किचन से करियर तक, शेफ भूपेंद्र रावत ने ग्राफिक एरा के छात्रों को सिखाए ‘हिमालयी जायके’ के वैश्विक मंत्र

हल्द्वानी -  ग्राफिक एरा हिल यूनिवर्सिटी, हल्द्वानी में आयोजित विशेष पाक कला कार्यक्रम में छात्रों को हिमालयी व्यंजनों को वैश्विक स्तर पर पहचान दिलाने के गुर सिखाए। होटल एवं हॉस्पिटैलिटी मैनेजमेंट विभाग द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में छात्रों को पारंपरिक स्वादों को आधुनिक प्रस्तुति के साथ जोड़ने की प्रेरणा दी गई।


कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण शेफ भूपेंद्र सिंह रावत का लाइव कुकिंग डेमोंस्ट्रेशन रहा, जिसमें उन्होंने पारंपरिक हिमालयी व्यंजनों को आधुनिक ‘प्लेटिंग’ और ‘ग्लोबल प्रजेंटेशन’ के साथ प्रस्तुत किया। उन्होंने छात्रों को पाक कला के साथ-साथ ‘कंटेंट क्रिएशन’ और ‘सस्टेनेबल कुकिंग’ के महत्व से भी अवगत कराया।


इस अवसर पर विश्वविद्यालय के निदेशक डॉ. एम.सी. लोहानी ने कहा कि विश्वविद्यालय का उद्देश्य विद्यार्थियों को केवल सैद्धांतिक शिक्षा तक सीमित न रखकर उन्हें उद्योग जगत के विशेषज्ञों से व्यावहारिक अनुभव प्रदान करना है। उन्होंने कहा कि हिमालयी व्यंजनों को अंतरराष्ट्रीय मंच तक पहुंचाने के लिए नवाचार और उद्यमिता की आवश्यकता है तथा ऐसे आयोजन छात्रों को भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार करते हैं।


डॉ. लोहानी ने यह भी घोषणा की कि आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के मेधावी छात्रों के लिए ‘सर्टिफिकेट कोर्स इन होटल मैनेजमेंट’ पूरी तरह निशुल्क संचालित किया जाएगा। उन्होंने बताया कि यह कोर्स देहरादून और हल्द्वानी दोनों परिसरों में उपलब्ध होगा तथा इसमें इंडस्ट्री ट्रेनिंग भी शामिल रहेगी।

 


उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय के चेयरमैन डॉ. कमल घनशाला के मार्गदर्शन में राज्य के प्रतिभाशाली युवाओं को मुख्यधारा से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है, ताकि वे हॉस्पिटैलिटी क्षेत्र में वैश्विक स्तर पर अपनी पहचान बना सकें।

 


कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के शिक्षक, अतिथि और बड़ी संख्या में छात्र उपस्थित रहे। अंत में शेफ भूपेंद्र सिंह रावत को सम्मानित किया गया तथा पारंपरिक हिमालयी स्वादों से सजे विशेष ‘हिमालयी लंच’ के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।

WhatsApp Group Join Now