हल्द्वानी - बेल्ट लहराकर राहगीरों में दहशत फैला रहे थे चार युवक, पुलिस ने दबोचा तो जोड़ने लगे हाथ
हल्द्वानी - दो नहरिया रोड पर सरेआम हुड़दंग करते हुए हाथों में बेल्ट लहराकर राहगीरों और आम लोगों को डराने वाले चार युवकों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। घटना का वीडियो इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित होने के बाद वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी ने मामले का तत्काल संज्ञान लेते हुए हल्द्वानी कोतवाली पुलिस को आरोपितों की पहचान कर कार्रवाई के निर्देश दिए थे।
पुलिस के अनुसार, 14 अगस्त की शाम दो नहरिया रोड पर दो मोटरसाइकिलों पर सवार कुछ युवक सरेआम हुड़दंग करते नजर आए थे। युवक हाथों में बेल्ट लहराकर राहगीरों को भयभीत कर रहे थे। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित होने के बाद पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज और अन्य माध्यमों से युवकों की पहचान शुरू की।
चार युवक गिरफ्तार, दो नाबालिग भी मिले -
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए सीतेश आर्य, गोपाल आर्य, कुणाल बिष्ट और विशाल कुमार, सभी निवासी दमुवाढूंगा, को गिरफ्तार किया। जांच के दौरान दो नाबालिगों के भी घटनाक्रम में शामिल होने की बात सामने आई। पुलिस ने दोनों को संरक्षण में लेकर समझाइश और परामर्श के बाद उनके स्वजन के सुपुर्द करने की प्रक्रिया शुरू की। पुलिस के मुताबिक, सीतेश आर्य शराब के नशे में मिला। उसके खिलाफ शराब पीकर वाहन चलाने और हुड़दंग करने के संबंध में नियमानुसार कार्रवाई की गई है। अन्य युवकों के खिलाफ भी आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
दोनों मोटरसाइकिलें सीज -
पुलिस ने घटनास्थल से दोनों मोटरसाइकिलों को कब्जे में लेकर सीज कर दिया। इनमें एक बिना नंबर प्लेट की सीडी डीलक्स/प्लैटिना मोटरसाइकिल है, जिसके संबंध में कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए गए। दूसरी मोटरसाइकिल रॉयल एनफील्ड है, जिसका पंजीकरण नंबर यूके04एएस-4102 बताया गया है।
सार्वजनिक स्थान पर अराजकता बर्दाश्त नहीं -
एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी ने कहा कि आमजन की सुरक्षा पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। सार्वजनिक स्थानों पर अराजकता फैलाने, गुंडागर्दी करने, राहगीरों को भयभीत करने या कानून-व्यवस्था को चुनौती देने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित ऐसे वीडियो, जिनमें सार्वजनिक शांति और कानून-व्यवस्था प्रभावित होती दिखाई देती है, उनका पुलिस तत्काल संज्ञान लेकर कार्रवाई करेगी। कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक विजय मेहता, हेड कांस्टेबल इसरार, कांस्टेबल दिनेश नगरकोटी, जगदीश और अजहर शामिल रहे।
