उत्तराखंड - पूर्व विधायक प्रणव सिंह की लैंड क्रूज़र पर इतने लाख का जुर्माना, पूर्व CS के बेटे से चैंपियन के बेटे ने की थी मारपीट
उत्तराखंड - खानपुर के पूर्व विधायक कुंवर प्रणव सिंह चैंपियन एक बार फिर विवादों में घिर गए हैं। इस बार मामला उनके बेटे द्वारा पूर्व मुख्य सचिव एस. रामास्वामी के बेटे आर. यशोवर्धन से की गई मारपीट से जुड़ा है। घटना के बाद पुलिस जांच में चैंपियन की लैंड क्रूज़र गाड़ी के लंबे समय से लंबित चालानों का मामला भी सामने आ गया।
परिवहन विभाग के रिकॉर्ड के अनुसार, चैंपियन के नाम पंजीकृत लैंड क्रूज़र (UK07 DN 0001) पर 28 बार ओवरस्पीडिंग के चालान हो चुके हैं। इनमें गाजियाबाद में 12, दिल्ली में 9, उत्तराखंड में 4 और गुरुग्राम में 3 चालान शामिल हैं। चालानों की कुल राशि अब 1.40 लाख रुपये तक पहुँच गई है। बताया जा रहा है कि चैंपियन की ओर से इन चालानों का भुगतान नहीं किया गया और जारी नोटिसों को उन्होंने नजरअंदाज कर दिया। जांच में यह भी पता चला कि विवादित घटना के दौरान चैंपियन का बेटा इसी लैंड क्रूज़र में सवार था। पुलिस की पड़ताल में जब गाड़ी का विवरण निकाला गया, तो इतनी बड़ी संख्या में लंबित चालानों की पुष्टि हुई।
देहरादून संभागीय परिवहन कार्यालय में चैंपियन के नाम दो वाहन पंजीकृत हैं—लैंड क्रूज़र और एक थार (UK07 BF 0789)। परिवहन अधिकारियों के अनुसार, चालान जमा न करने पर नोटिस जारी किए जाते हैं और दोबारा चालान होने पर जुर्माना दोगुना किया जाता है। साथ ही, चालक का लाइसेंस तीन माह के लिए निलंबित करने की कार्यवाही भी की जाती है।
इसके अतिरिक्त, दोनों वाहनों की प्रदूषण जांच (PUC) भी समय पर नवीनीकृत नहीं की गई है। लैंड क्रूज़र का PUC 14 मई 2025 को समाप्त हो चुका है, जबकि थार का PUC 26 जनवरी 2023 से ही निष्प्रभावी है। वाहन पर लगातार हो रहे उल्लंघनों के बावजूद परिवहन विभाग की ओर से अब तक कोई सख्त कार्रवाई न होने पर सवाल उठ रहे हैं। घटनाओं की श्रृंखला ने एक बार फिर पूर्व विधायक और उनके परिवार की कानून-व्यवस्था के प्रति लापरवाही को उजागर कर दिया है।
