उत्तराखंड - गंगा तट पर सफाई करती दिखीं विदेशी महिलाएं, इंटरनेट मीडिया पर हो रही जमकर तारीफ
ऋषिकेश - देवभूमि उत्तराखंड की प्राकृतिक सुंदरता और गंगा की स्वच्छता को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े हुए हैं। टिहरी जिले के शिवपुरी क्षेत्र में गंगा तट पर फैली गंदगी के बीच विदेशी पर्यटकों की एक सराहनीय पहल सामने आई है। ऋषिकेश घूमने पहुंचीं कुछ विदेशी महिलाएं गंगा किनारे फैले प्लास्टिक और अन्य कचरे को अपने हाथों से उठाकर सफाई करती नजर आईं। इसका वीडियो इंटरनेट मीडिया पर तेजी से प्रसारित हो रहा है और लोग महिलाओं के इस प्रयास की जमकर सराहना कर रहे हैं।
प्रसारित वीडियो में विदेशी महिलाएं हाथों में दस्ताने और काले कचरा बैग लेकर गंगा किनारे सफाई करती दिखाई दे रही हैं। महिलाएं नदी तट पर चट्टानों और रेत के बीच बिखरी प्लास्टिक की पन्नियां और अन्य कचरा एकत्र कर रही हैं। पर्यटकों की इस पहल ने जहां लोगों का ध्यान आकर्षित किया है, वहीं गंगा तटों पर बढ़ती गंदगी को लेकर भी चर्चा शुरू हो गई है।
वीडियो साझा करने वाले व्यक्ति ने सवाल उठाया कि दूसरे देशों से ऋषिकेश घूमने आने वाले पर्यटकों को आखिर यहां की प्राकृतिक धरोहर और गंगा तट की सफाई क्यों करनी पड़ रही है। यह सवाल पर्यटन स्थलों पर स्वच्छता व्यवस्था और स्थानीय लोगों की जिम्मेदारी को लेकर भी है।
इंटरनेट मीडिया पर यूजर्स का कहना है कि गंगा को स्वच्छ रखना केवल नगर निगम, नगर पालिका या सफाई कर्मचारियों की जिम्मेदारी नहीं है। इसके लिए श्रद्धालुओं, पर्यटकों और स्थानीय नागरिकों को भी अपनी जिम्मेदारी समझनी होगी। विदेशी महिलाओं की यह पहल एक ओर स्वच्छता का संदेश दे रही है, तो दूसरी ओर उन लोगों को आईना दिखा रही है जो घूमने-फिरने के दौरान प्राकृतिक स्थलों पर कचरा छोड़ जाते हैं।





