हल्द्वानी - यहां ग्राम प्रधान और उनकी पत्नी पर हुआ जानलेवा अटैक, अस्पताल में भर्ती, जानिए पड़ोसी से क्या रही विवाद की जड़
लालकुआं - मोटाहल्दू के पदमपुर देवलिया क्षेत्र निवासी ग्राम प्रधान और उनकी पत्नी पर पड़ोसी द्वारा जानलेवा हमला करने के आरोप हैं, घटना के बाद ग्राम प्रधान एवं उनकी पत्नी को डॉक्टर सुशीला तिवारी चिकित्सालय हल्द्वानी में भर्ती कराया गया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार मंगलवार देर शाम ग्राम पदमपुर देवलिया के ग्राम प्रधान रमेश जोशी के घर के आगे उनके एक पड़ोसी द्वारा कार लगाई गई थी।
ग्राम प्रधान की पत्नी द्वारा उक्त पड़ोसी से कहा गया कि वह कार हटा लें, क्योंकि उन्होंने अपनी कार निकालनी है, इस मामूली सी बात पर पड़ोसी और ग्राम प्रधान की पत्नी के बीच कहासुनी हुई तथा बात मारपीट में बदल गई। ग्राम प्रधान रमेश जोशी के अनुसार पड़ोसी ठाकुर सिंह मेहरा और उनके पूरे परिवार द्वारा उन पर जानलेवा हमला किया गया है, जिसके चलते उनका हाथ फैक्चर हो गया है, तथा पत्नी को भी काफी गंभीर चोटें आई हैं, दोनों को अस्पताल में भर्ती करवाया गया है जहां सुशीला तिवारी चिकित्सालय हल्द्वानी में उपचार चल रहा है।
