उत्तराखंड - रुद्रपुर में ईडी की बड़ी कार्रवाई, स्टील कारोबारी के ठिकानों पर छापेमारी, दस्तावेज और डिजिटल रिकॉर्ड जब्त

 | 
उत्तराखंड - रुद्रपुर में ईडी की बड़ी कार्रवाई, स्टील कारोबारी के ठिकानों पर छापेमारी, दस्तावेज और डिजिटल रिकॉर्ड जब्त

रुद्रपुर/उधम सिंह नगर - प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने गुरुवार को रुद्रपुर में बड़ी कार्रवाई करते हुए शहर के एक प्रमुख स्टील कारोबारी के आवास और दफ्तरों पर एक साथ छापेमारी की। यह कार्रवाई आय से अधिक संपत्ति, कर चोरी और संभावित मनी लॉन्ड्रिंग से जुड़े आरोपों की जांच के तहत की गई। सुबह करीब आठ बजे दिल्ली से पहुंची ईडी की दो टीमें मेट्रोपोलिस कॉलोनी स्थित कारोबारी के आवास और सिडकुल औद्योगिक क्षेत्र में कंपनी के कार्यालय पहुंचीं। अधिकारियों ने दोनों परिसरों को अपने नियंत्रण में लेकर मुख्य प्रवेश द्वारों पर सुरक्षा कड़ी कर दी। इसके बाद दस्तावेजों, कंप्यूटर हार्ड डिस्क, लैपटॉप और अन्य डिजिटल उपकरणों की गहन जांच शुरू की गई।

कार्रवाई के दौरान बाहरी लोगों के प्रवेश पर रोक लगा दी गई और कर्मचारियों से पूछताछ की गई। लेखा विभाग के रिकॉर्ड खंगाले गए। सूत्रों के अनुसार आवास से भी कई अहम फाइलें और डिजिटल साक्ष्य जब्त किए गए हैं। गुरुवार देर रात तक चली तलाशी अभियान से कारोबारी जगत में हलचल मच गई। सूत्रों का दावा है कि जांच एजेंसी को प्रारंभिक जांच में कुछ ऐसे दस्तावेज मिले हैं जिनमें लेन-देन में गड़बड़ी और कर देनदारियों से बचने के संकेत हैं। साथ ही कुछ संदिग्ध वित्तीय ट्रांजैक्शन भी जांच के दायरे में हैं, जिनके माध्यम से अवैध धन हस्तांतरण की आशंका जताई जा रही है। हालांकि ईडी की ओर से आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।

घटनाक्रम के बाद रुद्रपुर के व्यापारिक और औद्योगिक हलकों में चर्चा तेज हो गई है। कुछ उद्योगपति इसे वित्तीय पारदर्शिता की दिशा में सख्त कदम बता रहे हैं, तो कुछ इसे व्यापक स्तर की जांच की शुरुआत मान रहे हैं। फिलहाल जब्त दस्तावेजों और डिजिटल रिकॉर्ड को सील कर ईडी ने अपने कब्जे में ले लिया है। जांच पूरी होने के बाद ही मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। कंपनी प्रबंधन से संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन किसी से भी बात नहीं हो सकी। रुद्रपुर में हुई इस कार्रवाई ने संकेत दे दिए हैं कि वित्तीय अनियमितताओं के मामलों में जांच एजेंसियां अब और अधिक सक्रिय रुख अपना रही हैं।

WhatsApp Group Join Now