उत्तराखंड - 4.2 तीव्रता का आया भूकंप, घरों से बाहर निकले लोग, लोगों में फैली दहशत
उत्तरकाशी - उत्तराखंड के उत्तरकाशी जिले में सोमवार को भूकंप के झटकों से लोगों में दहशत फैल गई। भूकंप की तीव्रता रिक्टर पैमाने पर 4.2 मापी गई। भूकंप के झटके उत्तरकाशी की यमुना घाटी समेत जिले के कई इलाकों में महसूस किए गए। झटके महसूस होते ही कई लोग एहतियातन अपने घरों और इमारतों से बाहर निकल आए।
जिला आपातकालीन संचालन केंद्र की रिपोर्ट के अनुसार भूकंप का केंद्र बड़कोट तहसील के राजगढ़ी क्षेत्र के पास था। भूकंप का केंद्र जमीन से करीब 10 किलोमीटर की गहराई में बताया गया है।
भूकंप के झटके उत्तरकाशी, बड़कोट, पुरोला, मोरी, चिन्यालीसौड़ और डुंडा सहित आसपास के क्षेत्रों में महसूस किए गए। कई इलाकों में कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। हालांकि, भूकंप के बाद स्थिति सामान्य बताई गई है।
नुकसान की सूचना नहीं-
प्रशासन के मुताबिक भूकंप के कारण अभी तक किसी जनहानि या बड़े नुकसान की सूचना नहीं है। जिला प्रशासन ने स्थिति पर नजर बनाए रखी है। तहसीलदारों, पुलिस थानों एवं चौकियों के प्रभारियों, राजस्व उप निरीक्षकों और ग्राम प्रधानों से भी क्षेत्र में स्थिति की जानकारी जुटाई गई है।
प्रशासन ने लोगों से घबराने के बजाय सतर्क रहने की अपील की है। भूकंप के बाद किसी भी तरह की आपात स्थिति सामने आने पर तत्काल संबंधित प्रशासनिक अधिकारियों को सूचना देने को कहा गया है।
