उत्तराखंड- 3.6 तीव्रता का भूकंप, लोगों में दहशत, घरों से बाहर निकले लोग, जान-माल का नुकसान नहीं
Uttarakhand News- उत्तराखंड के बागेश्वर जिले में शनिवार दोपहर अचानक आए भूकंप के झटकों से धरती हिल गई। दोपहर 12:35 बजे महसूस किए गए इन झटकों के कारण लोगों में अफरा-तफरी मच गई और वे एहतियातन अपने घरों व दुकानों से बाहर निकल आए।
राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र (NCS) के आंकड़ों के अनुसार, रिक्टर पैमाने पर भूकंप की तीव्रता 3.6 मापी गई। भूकंप का केंद्र बागेश्वर क्षेत्र में जमीन से महज 5 किलोमीटर की गहराई (29.984° उत्तरी अक्षांश तथा 79.692° पूर्वी देशांतर) में स्थित था। कम गहराई पर केंद्र होने के कारण झटके स्पष्ट रूप से महसूस किए गए।
भूकंप का झटका महसूस होते ही आवासीय इलाकों और बाजारों में कुछ देर के लिए हलचल और दहशत का माहौल बन गया। हालांकि राहत की बात यह रही कि स्थानीय प्रशासन और आपदा प्रबंधन टीम के अनुसार, जिले में कहीं से भी किसी प्रकार के जान-माल के नुकसान या मकानों में दरार आने की खबर नहीं मिली है। प्रशासन स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है।


