उत्तराखंड - तीन जिलों में होगी भूकंप गतिविधियों की मॉनिटरिंग, खनन विभाग और वाडिया इंस्टीट्यूट के बीच हुआ MOU
देहरादून - उत्तराखंड के खदान बहुल क्षेत्रों में खनन गतिविधियों के भूकंपीय प्रभावों पर नजर रखने के लिए राज्य सरकार माइक्रो-अर्थक्वेक मॉनिटरिंग सिस्टम स्थापित करने जा रही है। इसके तहत बागेश्वर, पिथौरागढ़ और चमोली जिले के खनन प्रभावित क्षेत्रों की निगरानी की जाएगी। इस योजना पर 2.41 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे और पहले चरण में पांच वर्षों तक अध्ययन किया जाएगा।
इस संबंध में भूतत्व एवं खनिकर्म निदेशालय, उत्तराखंड और वाडिया इंस्टीट्यूट ऑफ हिमालयन जियोलॉजी के बीच एमओयू पर हस्ताक्षर किए गए हैं। योजना के तहत तीनों जिलों के खदान बहुल क्षेत्रों में कुल 08 मॉनिटरिंग स्टेशन स्थापित किए जाएंगे। इन स्टेशनों के माध्यम से वैज्ञानिक खनन गतिविधियों से जुड़े सूक्ष्म भूकंपीय प्रभावों का अध्ययन और निगरानी करेंगे।
दरअसल, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर राज्य के विभिन्न जियो-टेक्टोनिक जोन में खनन गतिविधियों के कारण पारिस्थितिकी, पर्यावरणीय स्थायित्व और भूकंपीय स्थिति पर पड़ने वाले प्रभावों का अध्ययन कराने का निर्णय लिया गया था। इसके लिए उत्तराखंड शासन के सचिव बृजेश कुमार संत की ओर से केंद्र और राज्य सरकार के विभागों तथा आईआईटी रुड़की के विशेषज्ञों की एक समिति गठित की गई थी। विशेषज्ञ समिति की सिफारिशों के आधार पर माइक्रो-अर्थक्वेक मॉनिटरिंग योजना तैयार की गई। योजना के तहत अध्ययन की जिम्मेदारी वाडिया हिमालय भूविज्ञान संस्थान के वैज्ञानिकों को सौंपी गई है, जबकि इस पर होने वाला 2.41 करोड़ रुपये का खर्च भूतत्व एवं खनिकर्म निदेशालय वहन करेगा।
भूतत्व एवं खनिकर्म निदेशालय के निदेशक राजपाल लेघा ने बताया कि मुख्यमंत्री के निर्देशों के अनुपालन में खनन गतिविधियों की निगरानी के लिए आधुनिक तकनीक का इस्तेमाल किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि खनन गतिविधियों की निगरानी के लिए अर्थक्वेक मॉनिटरिंग सिस्टम स्थापित करने वाला उत्तराखंड संभवतः देश का पहला राज्य होगा।
एमओयू पर भूतत्व एवं खनिकर्म निदेशालय की ओर से संयुक्त निदेशक जीडी प्रसाद और वाडिया हिमालय भूविज्ञान संस्थान की ओर से रजिस्ट्रार ने हस्ताक्षर किए। इस दौरान वाडिया संस्थान के निदेशक, संयुक्त निदेशक दिनेश कुमार, डॉ. नरेश कुमार, डॉ. परम सहित संस्थान के अन्य वैज्ञानिक और अधिकारी मौजूद रहे।




