देहरादून - उत्तराखंड में सात दिन बदले-बदले रहेंगे मौसम के तेवर, कई जिलों में येलो अलर्ट, इन दिन तक मानसून देगा दस्तक 
 

 | 
देहरादून - उत्तराखंड में सात दिन बदले-बदले रहेंगे मौसम के तेवर, कई जिलों में येलो अलर्ट, इन दिन तक मानसून देगा दस्तक Uttarakhand Weather

देहरादून - उत्तराखंड में अगले सात दिनों तक मौसम का मिजाज बदला-बदला रहने के आसार हैं। मौसम विभाग ने राज्य के कई पर्वतीय जिलों में हल्की से मध्यम बारिश, गरज-चमक और आकाशीय बिजली गिरने की संभावना जताई है। वहीं मैदानी क्षेत्रों में गर्मी और उमस से फिलहाल राहत मिलने के संकेत नहीं हैं। विभाग ने 21 से 23 जून तक कई जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। वहीं, मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि 22 से 25 जून के बीच मानसून पहुंचने का अनुमान है।

मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार 21 जून को उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों में कहीं-कहीं हल्की से मध्यम बारिश तथा गरज के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। देहरादून, टिहरी और नैनीताल में भी हल्की वर्षा होने की संभावना है, जबकि अन्य जिलों में मौसम शुष्क रहने का अनुमान है।
22 और 23 जून को भी पर्वतीय क्षेत्रों में बारिश का दौर जारी रह सकता है। नैनीताल समेत कई जिलों में हल्की से मध्यम वर्षा होने की संभावना है, जबकि हरिद्वार और ऊधमसिंह नगर में मौसम शुष्क बना रह सकता है।


कई जिलों के लिए येलो अलर्ट
मौसम विभाग ने उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर, देहरादून, टिहरी, नैनीताल और पिथौरागढ़ जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। इन क्षेत्रों में आकाशीय बिजली चमकने और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की आशंका है।

मैदानी इलाकों में गर्मी बरकरार - 
विभाग के अनुसार अगले चार से पांच दिनों तक मैदानी क्षेत्रों के तापमान में कोई बड़ा बदलाव होने की संभावना नहीं है। ऐसे में हरिद्वार, ऊधमसिंह नगर और आसपास के इलाकों में गर्मी और उमस लोगों को परेशान कर सकती है।

लोगों और किसानों को सतर्क रहने की सलाह - 
मौसम विभाग ने खराब मौसम के दौरान सतर्कता बरतने की अपील की है। गरज-चमक के समय खुले स्थानों और पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचने तथा सुरक्षित भवनों में रहने की सलाह दी गई है। किसानों को कटी हुई फसल सुरक्षित स्थान पर रखने और पशुपालकों को मवेशियों को खुले स्थानों पर न बांधने की सलाह दी गई है।

WhatsApp Group Join Now