देहरादून - अंबाला में उत्तराखंड के युवक की निर्मम हत्या, मुख्यमंत्री धामी ने की हरियाणा के सीएम सैनी से दूरभाष पर की बात
देहरादून, 20 अगस्त - हरियाणा के अंबाला में उत्तराखंड निवासी युवक साहिल बिष्ट की लूट के इरादे से की गई निर्मम हत्या से पूरे प्रदेश में शोक और आक्रोश की लहर है। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इस मामले का संज्ञान लेते हुए आज हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी से दूरभाष पर वार्ता की और दोषियों की तत्काल गिरफ्तारी तथा उन्हें कठोरतम सजा देने की मांग की। मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि यह एक बेहद दुखद और निंदनीय घटना है। उन्होंने हरियाणा सरकार से आग्रह किया कि इस मामले में तेजी से कार्रवाई की जाए और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाया जाए।
हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने आश्वस्त किया कि अपराधियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने बताया कि पुलिस को इस मामले में शीघ्र और सख्त कार्रवाई के निर्देश दे दिए गए हैं। सैनी ने कहा कि राज्य सरकार इस पूरे मामले में हर आवश्यक कदम उठाएगी।
लूट के इरादे से की गई हत्या -
30 वर्षीय साहिल बिष्ट, उत्तराखंड के टिहरी जनपद स्थित विकासखंड भिलंगना की पट्टी बासर के तिसरियाड़ा गांव का निवासी था। वह अंबाला में एक होटल में नौकरी करता था। 13 अगस्त की रात ड्यूटी समाप्त कर अपने कमरे लौटते समय बदमाशों ने उस पर चाकू से हमला कर दिया। गंभीर चोट लगने से साहिल की मौके पर ही मृत्यु हो गई। प्राथमिक जांच में यह मामला लूट के इरादे से हत्या का बताया गया है।
गरीब परिवार का सहारा छिना -
साहिल बिष्ट एक साधारण, मेहनतकश परिवार से था। उनके पिता देवराज सिंह बिष्ट लंबे समय से बीमार चल रहे हैं, और पूरे परिवार की जिम्मेदारी साहिल पर ही थी। राज्य आंदोलनकारी एवं वरिष्ठ अधिवक्ता लोकेंद्र दत्त जोशी ने कहा कि इस घटना से न केवल परिवार बल्कि पूरा क्षेत्र गहरे सदमे में है।
सरकार देगी हर संभव मदद -
मुख्यमंत्री धामी ने मृतक के परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि उत्तराखंड सरकार इस कठिन समय में पीड़ित परिवार के साथ है और उन्हें हर संभव सहायता प्रदान की जाएगी।
