देहरादून - भ्रष्टाचार के आरोप में उत्तराखंड परिवहन निगम के उप महाप्रबंधक को किया निलंबित, विजिलेंस जाँच के बाद हुई कार्रवाई
देहरादून - उत्तराखंड परिवहन निगम के उप महाप्रबंधक (वित्त) भूपेंद्र कुमार को भ्रष्टाचार के गंभीर आरोपों के चलते निलंबित कर दिया गया है। यह कार्रवाई निगम की प्रबंध निदेशक रीना जोशी द्वारा विजिलेंस जांच रिपोर्ट और दर्ज मुकदमे के आधार पर की गई है। 17 जुलाई को विजिलेंस विभाग ने भूपेंद्र कुमार के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की थी। मामला तब प्रकाश में आया जब मई 2023 में राज्य निगम कर्मचारी-अधिकारी महासंघ ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को पत्र भेजकर भूपेंद्र कुमार पर अनुबंधित बस स्वामियों से अपने परिजनों के बैंक खातों में बड़ी धनराशि ट्रांसफर करवाने और नकद लेन-देन के आरोप लगाए।
पत्र में भूपेंद्र कुमार के परिजनों के बैंक खातों की जानकारी भी संलग्न की गई थी, जिसे आधार बनाकर मुख्यमंत्री ने विजिलेंस जांच के आदेश दिए। जांच में आरोप सही पाए गए—धनराशि सीधे परिजनों के खातों में ट्रांसफर हुई और कई ट्रांजैक्शन नकद में किए गए थे। विजिलेंस की रिपोर्ट के आधार पर निगम की प्रबंध निदेशक ने तत्काल प्रभाव से निलंबन आदेश जारी किया। निलंबन अवधि में भूपेंद्र कुमार को निगम मुख्यालय से संबद्ध रखा जाएगा और उनके खिलाफ विभागीय जांच भी शुरू की जा रही है।
इस कार्रवाई से परिवहन विभाग में हड़कंप मच गया है। कर्मचारी संगठनों ने इसे व्यवस्था सुधार की दिशा में अहम कदम बताया है। विजिलेंस विभाग अब इस मामले में आगे की जांच करते हुए अन्य संभावित संलिप्त व्यक्तियों की भूमिका की भी जांच कर रहा है।
