देहरादून - उत्तराखंड पुलिस को मिलेगा राष्ट्रपति पुलिस कलर, स्थापना दिवस पर अमित शाह के आने की संभावना

 | 
देहरादून - उत्तराखंड पुलिस को मिलेगा राष्ट्रपति पुलिस कलर, स्थापना दिवस पर अमित शाह के आने की संभावना

देहरादून। उत्तराखंड पुलिस को राष्ट्रपति पुलिस कलर से सम्मानित करने की तैयारियां तेज हो गई हैं। नौ नवंबर को राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर आयोजित होने वाले समारोह में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह उत्तराखंड पुलिस को यह प्रतिष्ठित सम्मान प्रदान कर सकते हैं। हालांकि, उनके दौरे को लेकर अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

उत्तराखंड पुलिस को राष्ट्रपति पुलिस कलर प्रदान किए जाने की घोषणा इसी साल अप्रैल में की गई थी। इसके बाद से पुलिस विभाग इस सम्मान से जुड़े समारोह की तैयारियों में जुटा है। जानकारी के अनुसार, उत्तराखंड पुलिस के अधिकारियों की समिति ने राष्ट्रपति पुलिस कलर का डिजाइन भी अंतिम रूप दे दिया है। अब स्थापना दिवस पर सम्मान प्रदान करने के लिए तैयारियां की जा रही हैं।

राष्ट्रपति पुलिस कलर देश के पुलिस बलों को उनकी उत्कृष्ट सेवाओं, कर्तव्यनिष्ठा और उपलब्धियों के लिए दिया जाने वाला प्रतिष्ठित सम्मान है। इसके लिए पुलिस बल को कानून-व्यवस्था बनाए रखने, अपराध नियंत्रण, आंतरिक सुरक्षा, आपदा प्रबंधन, जनसुरक्षा और तकनीकी नवाचार जैसे विभिन्न क्षेत्रों में अपने प्रदर्शन के आधार पर मूल्यांकन प्रक्रिया से गुजरना पड़ता है।

उत्तराखंड पुलिस इन मानकों पर खरी उतरी, जिसके बाद उसे इस सम्मान के लिए चुना गया। राष्ट्रपति पुलिस कलर मिलने से पुलिस बल के गौरव और प्रतिष्ठा में वृद्धि होती है। यह सम्मान पुलिस बल की उपलब्धियों और जनसेवा के प्रति उसकी प्रतिबद्धता का प्रतीक माना जाता है।

अप्रैल में गोवा पुलिस के लिए भी राष्ट्रपति पुलिस कलर की घोषणा की गई थी। गोवा में इस सम्मान को प्रदान करने के लिए समारोह आयोजित किया जा चुका है। अब उत्तराखंड पुलिस को यह सम्मान मिलने का इंतजार है। सूत्रों के अनुसार, राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर नौ नवंबर को देहरादून में आयोजित समारोह में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह शामिल हो सकते हैं। यदि उनका दौरा तय होता है, तो उनके हाथों उत्तराखंड पुलिस को राष्ट्रपति पुलिस कलर प्रदान किया जा सकता है।

WhatsApp Group Join Now