देहरादून - उत्तराखंड में ग्रामीण इलाकों में जिला सहकारी बैंक की 34 नई शाखाओं को मंजूरी, जानिए कौन-कौन सी जगह हैं चयनित 

 | 
देहरादून - उत्तराखंड में ग्रामीण इलाकों में जिला सहकारी बैंक की 34 नई शाखाओं को मंजूरी, जानिए कौन-कौन सी जगह हैं चयनित 

देहरादून - उत्तराखंड सरकार ने ग्रामीण क्षेत्रों में बैंकिंग सेवाओं को सुदृढ़ करने की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए जिला सहकारी बैंकों की 34 नई शाखाएं खोलने के प्रस्तावों को मंजूरी दे दी है। सहकारिता विभाग को विभिन्न जिलों से कुल 41 प्रस्ताव प्राप्त हुए थे, जिनमें से 34 स्वीकृत किए गए हैं, जबकि 7 प्रस्ताव अपूर्ण पाए जाने के कारण वापस भेजे गए हैं।

सहकारिता मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने बताया कि राज्य सरकार सहकारिता के माध्यम से ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए लगातार कार्य कर रही है। नई शाखाओं के खुलने से दूरस्थ और ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को आधुनिक बैंकिंग सुविधाएं उनके नजदीक उपलब्ध होंगी। साथ ही किसानों, महिलाओं, स्वयं सहायता समूहों, लघु उद्यमियों और ग्रामीण उपभोक्ताओं को विभिन्न सहकारी योजनाओं का लाभ लेने के लिए अन्य शाखाओं तक नहीं जाना पड़ेगा।

मंत्री ने बताया कि वर्तमान में प्रदेश में जिला सहकारी बैंकों की 315 शाखाएं संचालित हैं। नई शाखाओं के शुरू होने से सहकारी बैंकिंग नेटवर्क और मजबूत होगा तथा ग्रामीण क्षेत्रों में आर्थिक गतिविधियों को भी नई गति मिलेगी।

 

 

इन स्थानों पर खुलेंगी नई शाखाएं - 

अल्मोड़ा: कुवाली, चमड़खाल, नागचुलाखाल
देहरादून: छिद्दरवाला, त्यूनी, भाऊवाला, मालदेवता, आईटी पार्क (सहस्त्रधारा)
पौड़ी: नौठा, पौखाल, सिगड्डी
नैनीताल: ज्योलीकोट, कुसुमखेड़ा
हल्द्वानी: गैस गोदाम रोड
पिथौरागढ़: सूखीढांग, रीठाखाल, खिरमांडे, चंडाक, जाखनी
टिहरी: धनौल्टी, मलेथा, पावकीदेवी, बगियालगांव
ऊधम सिंह नगर: पंतनगर, महुआडाबरा, सुल्तानपुरपटी, बगवाड़ा, नंदपुर, खेमपुर
उत्तरकाशी: कोटधार, धारी कलोगी, सांकरी
चमोली: माईथान, लंगासू और नगरासू

हरिद्वार जिले से प्राप्त पांच प्रस्तावों में आवश्यक संशोधन के निर्देश दिए गए हैं। विभाग ने सभी स्वीकृत प्रस्ताव भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) को भेज दिए हैं। आरबीआई से अनुमति मिलते ही नई शाखाओं का संचालन शुरू कर दिया जाएगा।

नई शाखाओं के खुलने से ग्रामीण क्षेत्रों में बैंकिंग सेवाओं की पहुंच बढ़ेगी, वित्तीय समावेशन को मजबूती मिलेगी और सहकारिता आंदोलन को भी नई ऊर्जा प्राप्त होगी।

WhatsApp Group Join Now