देहरादून - उत्तराखंड कांग्रेस ने किया सचिवालय कूच, मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे की मांग
देहरादून - चुनाव संबंधी कथित अनियमितताओं और मतदाता सूची से जुड़े मामलों को लेकर उत्तराखंड कांग्रेस ने शुक्रवार को सचिवालय घेराव का प्रयास किया। कांग्रेस ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर प्रदेश सरकार और चुनाव आयोग के खिलाफ प्रदर्शन किया। प्रदेश प्रभारी कुमारी शैलजा की मौजूदगी और प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल के नेतृत्व में आयोजित प्रदर्शन में नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य, पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा समेत कई विधायक और पार्टी कार्यकर्ता शामिल हुए।
कांग्रेस प्रदेश प्रभारी कुमारी शैलजा ने सरकार पर चुनाव प्रक्रिया में अनियमितताओं और कथित वोट चोरी के आरोप लगाए। उन्होंने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को तत्काल पद से हटाने की मांग की। शैलजा ने कहा कि कांग्रेस सरकार की नीतियों और चुनाव से जुड़े मुद्दों को लेकर सड़कों से लेकर सदन तक संघर्ष जारी रखेगी।
उन्होंने परिसीमन और सीटों की संख्या बढ़ाने को लेकर भी सरकार पर सवाल उठाए और आरोप लगाया कि इन मुद्दों के नाम पर जनता को गुमराह किया जा रहा है। कांग्रेस नेताओं ने चुनाव प्रक्रिया और मतदाता सूची से जुड़े मामलों की जांच की मांग भी उठाई।
प्रदर्शन से पहले कांग्रेस के नेता और कार्यकर्ता राजपुर रोड स्थित प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में एकत्र हुए। इसके बाद जुलूस के रूप में सचिवालय की ओर रवाना हुए। सचिवालय से पहले पुलिस ने दो स्तर की बैरिकेडिंग लगाकर प्रदर्शनकारियों को रोक दिया। इस दौरान कई कांग्रेस कार्यकर्ता बैरिकेडिंग पर चढ़ गए और सरकार के खिलाफ नारेबाजी की।
विरोध प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सुभाष रोड पर मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार का पुतला भी दहन किया। इसके बाद कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता वहीं धरने पर बैठ गए। प्रदर्शन को देखते हुए पुलिस ने क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी।


