देहरादून - उत्तराखंड कांग्रेस के चार नेताओं को हाईकमान ने दी बड़ी जिम्मेदारी, जानिए किसे क्या मिला काम
देहरादून - ऑल इंडिया कांग्रेस कमेटी (AICC) ने उत्तराखंड कांग्रेस के चार वरिष्ठ नेताओं को संगठन सृजन अभियान के तहत महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी है। महिला कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष ज्योति रौतेला और ऋषिकेश से AICC सदस्य जयेंद्र रमोला को नागालैंड में पर्यवेक्षक नियुक्त किया गया है, जबकि बदरीनाथ विधायक लखपत बुटोला और अल्मोड़ा विधायक मनोज तिवारी को उत्तर प्रदेश में संगठन सृजन अभियान का पर्यवेक्षक बनाया गया है।
AICC के जनरल सेक्रेटरी केसी वेणुगोपाल की ओर से बिहार, उत्तर प्रदेश, नागालैंड, गोवा, मणिपुर और मेघालय राज्यों के लिए पर्यवेक्षकों की सूची जारी की गई है। इन राज्यों में संगठन सृजन अभियान के तहत जिला अध्यक्षों के चयन की प्रक्रिया पूरी कराई जाएगी।
उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी की प्रवक्ता डॉ. प्रतिमा सिंह ने बताया कि यह प्रक्रिया राहुल गांधी की संगठन सृजन की सोच पर आधारित है, जिसके तहत पार्टी कार्यकर्ताओं और स्थानीय जनता से रायशुमारी के बाद जिला अध्यक्षों की नियुक्ति की जा रही है। उन्होंने कहा कि इस अभियान का उद्देश्य ऐसे लोगों को जिम्मेदारी देना है, जिन्हें संगठन और जनता दोनों का समर्थन प्राप्त हो।
डॉ. प्रतिमा सिंह ने बताया कि उत्तराखंड देश का चौथा राज्य था, जहां संगठन सृजन अभियान की शुरुआत की गई थी और अब उसी मॉडल को अन्य राज्यों में लागू किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि छह राज्यों के लिए जारी पर्यवेक्षकों की सूची में उत्तराखंड कांग्रेस के चार नेताओं को शामिल किया जाना प्रदेश के लिए गर्व की बात है।
उन्होंने यह भी कहा कि कांग्रेस संगठन लगातार मजबूत हो रहा है और जनहित के मुद्दों को मजबूती से उठाया जा रहा है। राहुल गांधी के मार्गदर्शन में पार्टी संगठन नए सिरे से सशक्त होकर आगे बढ़ रहा है।
