देहरादून - उत्तराखंड को देश की सांस्कृतिक राजधानी बनाने का लक्ष्य, गृह मंत्री अमित शाह ने विधानसभा चुनाव में 65 पार का दिया नारा
देहरादून - उत्तराखंड राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर देहरादून पहुंचे केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर भाजपा का लक्ष्य स्पष्ट कर दिया। परेड ग्राउंड में आयोजित राज्योत्सव समारोह और जनसभा को संबोधित करते हुए शाह ने प्रदेश की 70 विधानसभा सीटों में से 65 से अधिक सीटें जीतने का लक्ष्य रखा। उन्होंने कहा कि भाजपा लगातार तीसरी बार प्रदेश में सरकार बनाएगी। इसके साथ ही उन्होंने देवभूमि उत्तराखंड को देश की सांस्कृतिक राजधानी बनाने का संकल्प भी दोहराया।
अमित शाह ने अपने संबोधन में उत्तराखंड राज्य निर्माण का श्रेय पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी को देते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में प्रदेश के विकास को नई दिशा मिली है। उन्होंने राज्य आंदोलन के शहीदों को नमन किया और रामपुर तिराहा कांड सहित राज्य निर्माण के संघर्षों को याद किया।
2047 तक विकसित भारत में उत्तराखंड की अहम भूमिका -
गृह मंत्री ने कहा कि भाजपा का लक्ष्य उत्तराखंड को देश की सांस्कृतिक राजधानी के रूप में विकसित करना है। वर्ष 2047 तक विकसित भारत के निर्माण में उत्तराखंड को अग्रणी राज्यों में शामिल करने का संकल्प है। इस दौरान उन्होंने तीलू रौतेली और माधो सिंह भंडारी जैसी ऐतिहासिक विभूतियों का उल्लेख करते हुए प्रदेश की सांस्कृतिक और ऐतिहासिक विरासत को रेखांकित किया।
धामी सरकार की उपलब्धियां गिनाईं -
अपने संबोधन में अमित शाह ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व वाली सरकार के कामकाज का भी जिक्र किया। उन्होंने दावा किया कि वर्ष 2022 के बाद प्रदेश की सकल राज्य घरेलू उत्पाद (जीएसडीपी) में करीब 50 प्रतिशत और प्रति व्यक्ति आय में लगभग 40 प्रतिशत की वृद्धि हुई है। उन्होंने कहा कि निवेश प्रस्तावों में से करीब एक लाख करोड़ रुपये के औद्योगिक प्रोजेक्ट धरातल पर उतर चुके हैं। पर्यटन क्षेत्र में भी 380 प्रतिशत की वृद्धि होने का दावा किया। शाह ने समान नागरिक संहिता (यूसीसी), नकल विरोधी कानून और धर्मांतरण विरोधी कानून को राज्य सरकार के प्रमुख फैसलों में शामिल बताया।
कांग्रेस पर हमला, सीमांत क्षेत्रों के विकास का मुद्दा उठाया -
अमित शाह ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि पूर्ववर्ती सरकारों ने उत्तराखंड की अर्थव्यवस्था को मनीऑर्डर आधारित व्यवस्था तक सीमित रखा। उन्होंने आरोप लगाया कि पहले सीमांत क्षेत्रों में सड़क और बुनियादी सुविधाओं के विकास पर पर्याप्त ध्यान नहीं दिया गया, जबकि केंद्र की मोदी सरकार ने सीमावर्ती इलाकों में आधारभूत ढांचे को मजबूत करने का काम किया है। उन्होंने राहुल गांधी की वोट अधिकार यात्रा पर भी सवाल उठाए और आरोप लगाया कि यह यात्रा घुसपैठियों को बचाने के उद्देश्य से की जा रही है। अतिक्रमण, मजारों और मदरसों के मुद्दे पर भी उन्होंने कांग्रेस को घेरा।
कार्यकर्ताओं को दिया 65 पार का लक्ष्य -
आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर अमित शाह ने भाजपा कार्यकर्ताओं से अभी से चुनावी तैयारियों में जुटने और घर-घर जाकर जनता से संपर्क करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि भाजपा प्रदेश में लगातार तीसरी बार सरकार बनाएगी। इसके लिए 70 में से 65 से अधिक सीटें जीतने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इस घोषणा के साथ ही राज्य में आगामी विधानसभा चुनाव की राजनीतिक तैयारियों को लेकर भाजपा का रुख स्पष्ट हो गया।
1475 करोड़ की परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास-
राज्योत्सव समारोह के दौरान अमित शाह ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की मौजूदगी में करीब 1475 करोड़ रुपये की विभिन्न विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास भी किया।राज्य स्थापना दिवस के मंच से अमित शाह ने विकास, सांस्कृतिक पहचान, सीमांत सुरक्षा और चुनावी रणनीति से जुड़े कई मुद्दों को प्रमुखता से उठाया। अब इन घोषणाओं और विकास संबंधी दावों को धरातल पर लागू करने तथा आगामी चुनाव में जनता के बीच रखने की चुनौती प्रदेश सरकार और भाजपा संगठन के सामने होगी।


