देहरादून - भ्रष्टाचार के आरोप में पर्यटन सचिव धीराज गर्ब्याल ने जिला पर्यटन अधिकारी को किया सस्पेंड, होम-स्टे योजना की होगी जांच
 

 | 
देहरादून - भ्रष्टाचार के आरोप में देहरादून के जिला पर्यटन विकास अधिकारी निलंबित, होम-स्टे योजना की होगी जांच

देहरादून - उत्तराखंड पर्यटन विकास परिषद (यूटीडीबी) ने दीनदयाल उपाध्याय होम-स्टे योजना में अनुदान जारी करने के नाम पर कथित भ्रष्टाचार के आरोपों के बाद देहरादून के जिला पर्यटन विकास अधिकारी (डीटीडीओ) बृजेन्द्र पाण्डेय को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। परिषद ने मामले की विभागीय जांच के आदेश भी जारी किए हैं।

यूटीडीबी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी धीराज सिंह गर्ब्याल द्वारा जारी आदेश के अनुसार सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो और शिकायतों में होम-स्टे योजना के लाभार्थियों से अनुदान राशि जारी करने के बदले रिश्वत मांगने के आरोप लगाए गए थे। प्रथम दृष्टया मामला गंभीर पाए जाने पर अधिकारी को निलंबित करते हुए विभागीय अनुशासनात्मक कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

परिषद ने पूरे प्रकरण की जांच के लिए अपर मुख्य कार्यकारी अधिकारी नरेन्द्र सिंह भण्डारी को जांच अधिकारी नियुक्त किया है। जांच के दौरान वायरल वीडियो, शिकायतों, दस्तावेजों और अन्य साक्ष्यों का परीक्षण किया जाएगा। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई तय होगी। आरोप सिद्ध होने पर संबंधित अधिकारी के खिलाफ कड़ी विभागीय और कानूनी कार्रवाई की जा सकती है।

निलंबन अवधि के दौरान बृजेन्द्र पाण्डेय को उत्तराखंड पर्यटन विकास परिषद मुख्यालय, देहरादून से संबद्ध रखा गया है। उन्हें बिना अनुमति मुख्यालय छोड़ने की अनुमति नहीं होगी। इस अवधि में नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता (सब्सिस्टेंस अलाउंस) दिया जाएगा, बशर्ते वे यह प्रमाणित करें कि वे किसी अन्य सेवा, व्यवसाय या रोजगार से जुड़े नहीं हैं।

पर्यटन विकास परिषद की इस कार्रवाई को भ्रष्टाचार के मामलों में सरकार की 'जीरो टॉलरेंस' नीति के तहत महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। हालांकि अंतिम निर्णय विभागीय जांच पूरी होने और आरोपों की पुष्टि के बाद ही लिया जाएगा।

WhatsApp Group Join Now