देहरादून - उत्तराखंड विधानसभा विशेष सत्र का तीसरा दिन, इस वजह से बढ़ाई गई सदन की अवधि - Live
देहरादून - उत्तराखंड राज्य गठन के रजत जयंती वर्ष पर आयोजित विधानसभा का विशेष सत्र आज तीसरे दिन तक चलेगा। पहले यह सत्र दो दिन के लिए प्रस्तावित था, लेकिन सभी विधायकों को अपनी बात रखने का अवसर देने के लिए इसकी अवधि एक दिन और बढ़ा दी गई है।
जानकारी के अनुसार, सोमवार को शुरू हुए विशेष सत्र के पहले दिन राष्ट्रपति के अभिभाषण के बाद शाम चार बजे से कार्यवाही शुरू हुई थी। समय की कमी के चलते सीमित संख्या में ही विधायक अपने विचार रख पाए। मंगलवार को सभी विधायकों को 10 मिनट का समय निर्धारित किया गया था, लेकिन अधिकतर विधायक अपने निर्धारित समय से ज़्यादा बोले, जिसके कारण कई सदस्यों को बोलने का अवसर नहीं मिल पाया।
इस पर विधायकों ने विधानसभा अध्यक्ष और सरकार से सत्र बढ़ाने का अनुरोध किया। शाम को हुई कार्यमंत्रणा समिति की बैठक में सभी दलों की सहमति से सत्र की अवधि एक दिन और बढ़ाने का निर्णय लिया गया।
विधानसभा में आज सत्र का तीसरा दिन है और अब यह आज दिन और चलेगा। माना जा रहा है कि आगामी सत्र में राज्य के विकास, उपलब्धियों और भविष्य की योजनाओं पर व्यापक चर्चा की जाएगी।
