देहरादून - इस PCS अधिकारी को शासन ने तत्काल प्रभाव से हटाया, आदेश जारी
 

 | 

देहरादून - उत्तराखंड शासन ने एक बड़ा प्रशासनिक फैसला लेते हुए पीसीएस अधिकारी चंद्र सिंह धर्मशक्तू को आयुक्त, गन्ना एवं चीनी के पद से तत्काल प्रभाव से हटा दिया है। शासन की ओर से जारी आदेश में कार्यहित को आधार बताते हुए यह कदम उठाया गया है। चौंकाने वाली बात यह है कि फिलहाल उन्हें किसी भी नई जिम्मेदारी से नहीं जोड़ा गया है।

जानकारी के अनुसार, चंद्र सिंह धर्मशक्तू के खिलाफ विभागीय कर्मचारियों द्वारा लगातार शिकायतें की जा रही थीं। आरोप है कि उनके व्यवहार को लेकर असंतोष था, जिसे लेकर कर्मचारी संघ ने भी शासन से लेकर मुख्यमंत्री तक अपनी बात पहुंचाई थी। हाल ही में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के उधम सिंह नगर दौरे के दौरान भी कर्मचारियों ने अपनी शिकायतें प्रस्तुत की थीं। माना जा रहा है कि इन्हीं परिस्थितियों के मद्देनज़र यह निर्णय लिया गया।

कार्मिक विभाग की ओर से अनु सचिव नागेश सिंह नेगी द्वारा जारी आदेश में कहा गया है कि चंद्र सिंह धर्मशक्तू तत्काल प्रभाव से अपने वर्तमान पद से कार्यमुक्त होकर, उससे संबंधित आख्या शासन को प्रस्तुत करें। आदेश में यह भी स्पष्ट किया गया है कि उनकी नवीन तैनाती के लिए अलग से आदेश जारी किए जाएंगे।

उधर, प्रदेश में प्रशासनिक फेरबदल की व्यापक तैयारी चल रही है। कई अधिकारियों की जिम्मेदारियां बदली जा सकती हैं, वहीं कुछ अफसरों को हल्का भी किया जा सकता है। हालांकि तबादला सूची अभी मुख्यमंत्री के स्तर पर लंबित है।

 

WhatsApp Group Join Now