देहरादून - उत्तराखंड में हीटवेव के खतरे को लेकर शिक्षा विभाग अलर्ट, स्कूलों को जारी हुए यह सख्त निर्देश
देहरादून - प्रदेश में लगातार बढ़ती गर्मी और संभावित हीटवेव को देखते हुए विद्यालयी शिक्षा विभाग ने सभी जिलों को सतर्क कर दिया है। शिक्षा महानिदेशक दीप्ति सिंह की ओर से समस्त मुख्य शिक्षा अधिकारियों को निर्देश जारी करते हुए कहा गया है कि छात्र-छात्राओं के स्वास्थ्य की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। आवश्यकता पड़ने पर स्कूलों के समय में बदलाव भी किया जा सकता है। जारी निर्देशों के अनुसार, सभी विद्यालयों में नियमित अंतराल पर ‘वाटर बेल’ बजाना अनिवार्य होगा, ताकि बच्चे समय-समय पर पानी पीते रहें और डिहाइड्रेशन से बच सकें। साथ ही स्कूलों में स्वच्छ पेयजल की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
शिक्षा विभाग ने कक्षाओं में उचित वेंटिलेशन, ओआरएस और प्राथमिक उपचार की व्यवस्था रखने को भी अनिवार्य किया है। इसके अलावा, बच्चों को हीटवेव से बचाव के प्रति जागरूक करने, स्कूल स्तर पर हीटवेव एक्शन प्लान तैयार करने और तेज धूप के दौरान खेलकूद व अन्य बाहरी गतिविधियों पर रोक लगाने के निर्देश भी दिए गए हैं।
निर्देशों में यह भी कहा गया है कि छुट्टी के बाद छात्र-छात्राओं को समूह में घर भेजा जाए, ताकि आपात स्थिति में वे एक-दूसरे की मदद कर सकें। विभाग ने स्पष्ट किया है कि छात्रों की सुरक्षा से जुड़े इस गंभीर मामले में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। बताया जा रहा है कि यदि आने वाले दिनों में तापमान और बढ़ता है, तो कई जिलों में स्कूलों के समय में बदलाव या आंशिक अवकाश जैसे कदम भी उठाए जा सकते हैं।
