देहरादून - उत्तराखंड में विधायक निधि के लिए 375 करोड़ जारी, जानिए हर विधानसभा को मिलेंगे इतने करोड़
देहरादून - उत्तराखंड सरकार ने वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए विधायक निधि मद में 375 करोड़ रुपये की राशि जारी कर दी है। प्रदेश की सभी 70 विधानसभा सीटों के विधायकों को अपने-अपने क्षेत्रों में विकास कार्यों के लिए पांच-पांच करोड़ रुपये उपलब्ध कराए जाएंगे। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की मंजूरी और वित्त विभाग की स्वीकृति के बाद अपर सचिव ग्राम्य विकास अनुराधा ने राशि जारी करने के आदेश जारी किए हैं। सरकार ने स्पष्ट किया है कि विधायक निधि से कराए जाने वाले सभी कार्यों की अनिवार्य रूप से जियो टैगिंग की जाएगी। साथ ही कार्यों की स्वीकृति, व्यय और भुगतान की निगरानी के लिए ऑनलाइन पोर्टल भी तैयार किया जाएगा।
सरकारी आदेश के मुताबिक विधायक निधि की राशि का उपयोग केवल पूंजीगत और निर्माण कार्यों में किया जाएगा। इस निधि का इस्तेमाल राजस्व व्यय में नहीं किया जा सकेगा। विधायक अपने विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्यों के प्रस्ताव मुख्य विकास अधिकारी को भेजेंगे, लेकिन विधायक की अनुमति के बिना कार्यस्थल में बदलाव नहीं किया जा सकेगा।
सरकार ने यह भी स्पष्ट किया है कि विधायक निधि का उपयोग दूसरे विधानसभा क्षेत्रों में नहीं किया जा सकता। हालांकि आपदा की स्थिति में निधि की 10 प्रतिशत राशि अन्य प्रभावित क्षेत्रों में खर्च करने की अनुमति दी गई है। प्रदेश सरकार का कहना है कि विधायक निधि के माध्यम से सड़क, सामुदायिक भवन, पेयजल, पुलिया और अन्य आधारभूत ढांचे से जुड़े विकास कार्यों को गति मिलेगी।
