देहरादून - उत्तराखंड राज्य स्थापना दिवस, रजत जयंती वर्ष में होगा भव्य उत्सव, राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री होंगे शामिल
देहरादून - उत्तराखंड राज्य स्थापना के 25 वर्ष पूरे होने पर इस बार राज्य सरकार रजत जयंती वर्ष को भव्य रूप से मनाने की तैयारी में जुटी है। 9 नवंबर को आयोजित होने वाले इस विशेष अवसर पर पूरे प्रदेश में विविध कार्यक्रम होंगे, वहीं देहरादून स्थित विधानसभा भवन में दो दिवसीय विशेष सत्र आयोजित किया जाएगा। सूचना एवं लोक संपर्क विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार, उत्तराखंड विधानसभा का यह विशेष सत्र राज्य की विकास यात्रा और 25 वर्षों की उपलब्धियों पर केंद्रित रहेगा। इस दौरान भविष्य की चुनौतियों और विकास की संभावनाओं पर भी चर्चा की जाएगी।
सबसे खास बात यह है कि राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू उत्तराखंड विधानसभा के इस विशेष सत्र को संबोधित कर सकती हैं। इसके अलावा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के भी इस रजत जयंती महोत्सव में शामिल होने की संभावना है। सूत्रों के अनुसार प्रधानमंत्री के उत्तराखंड दौरे पर सहमति बन चुकी है और जल्द ही उनकी यात्रा की तिथि घोषित की जाएगी।
हाल ही में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की अध्यक्षता में हुई मंत्रिमंडल की बैठक में विधानसभा का विशेष सत्र आहूत करने का निर्णय लिया गया। सत्र की तिथियों के निर्धारण का अधिकार मुख्यमंत्री को दिया गया है। विधानसभा सचिवालय ने विशेष सत्र को भव्य और दिव्य रूप में आयोजित करने की तैयारी शुरू कर दी है। वहीं प्रदेशभर में रजत जयंती महोत्सव को यादगार बनाने के लिए सांस्कृतिक कार्यक्रमों, प्रदर्शनियों और विकास पर आधारित प्रदर्शनी लगाने की योजना पर भी काम चल रहा है।
राज्य स्थापना दिवस 9 नवंबर को पूरे प्रदेश में उल्लास और गर्व के साथ मनाया जाएगा। सरकार का लक्ष्य है कि यह रजत जयंती वर्ष न केवल उत्तराखंड की उपलब्धियों का उत्सव बने बल्कि आने वाले दशक की दिशा तय करने का भी अवसर साबित हो।
