देहरादून - उत्तराखंड में आपदा का जायजा लेने कल देहरादून आएंगे PM मोदी, करेंगे उच्चस्तरीय बैठक, अब तक इतना हुआ नुकसान 

 | 
देहरादून - उत्तराखंड में आपदा का जायजा लेने कल देहरादून आएंगे PM मोदी, करेंगे उच्चस्तरीय बैठक, अब तक इतना हुआ नुकसान 

देहरादून - हाल ही में उत्तराखंड में आई भीषण आपदा के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अब राज्य का दौरा करेंगे। पीएम मोदी 11 सितंबर को देहरादून पहुंचेंगे और हवाई सर्वेक्षण कर आपदा से हुए नुकसान का जायजा लेंगे। इसके बाद राजधानी में एक उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक का आयोजन किया जाएगा। सूत्रों के मुताबिक, पीएम मोदी 11 सितंबर की शाम करीब चार बजे जौलीग्रांट एयरपोर्ट पर उतर सकते हैं। प्रशासनिक अमला तैयारियों में जुट गया है और एयरपोर्ट पर सभी व्यवस्थाओं की गहन समीक्षा की जा रही है। 

 

हालांकि पीएमओ की ओर से अभी तक उनके दौरे का पूरा कार्यक्रम आधिकारिक रूप से जारी नहीं किया गया है। इससे पहले प्रधानमंत्री ने 10 सितंबर को हिमाचल प्रदेश में आपदा प्रभावित क्षेत्रों का हवाई सर्वेक्षण किया था। अब उत्तराखंड के हालात की भी जमीनी हकीकत जानने के लिए उनका यह दौरा अहम माना जा रहा है। अगर इस आपदा में नुकसान की बात करें तो उत्तराखंड सरकार ने आपदा से हुए नुकसान की भरपाई के लिए केंद्र से ₹5702 करोड़ का आर्थिक पैकेज मांगा है। 


प्रधानमंत्री के दौरे को देखते हुए प्रशासनिक प्रशिक्षण अकादमी, नैनीताल में 11 से 13 सितंबर तक प्रस्तावित "चिंतन शिविर" को एक बार फिर स्थगित कर दिया गया है। सचिव नियोजन श्रीधर बाबू अद्दांकी ने इस संबंध में आदेश जारी करते हुए बताया कि अपरिहार्य कारणों से यह शिविर स्थगित किया गया है। हालांकि, सूत्रों का मानना है कि इसका मुख्य कारण पीएम मोदी का उत्तराखंड दौरा ही है।

गौरतलब है कि इससे पहले चिंतन शिविर अप्रैल माह में भी प्रस्तावित था, जो तत्कालीन कारणों से स्थगित हो गया था। अब एक बार फिर यह आयोजन पीएम के दौरे की वजह से टल गया है। प्रधानमंत्री मोदी के इस दौरे से आपदा राहत कार्यों में तेजी आने की उम्मीद जताई जा रही है। वहीं, स्थानीय प्रशासन से लेकर राज्य सरकार तक अलर्ट मोड में नजर आ रही है।

WhatsApp Group Join Now