देहरादून - मौसम ने बदली पीएम मोदी की योजना, आपदा प्रभावितों से की मुलाकात, राहत कार्यों की समीक्षा

 | 
देहरादून - मौसम ने बदली पीएम मोदी की योजना, आपदा प्रभावितों से की मुलाकात, राहत कार्यों की समीक्षा

देहरादून, 11 सितम्बर 2025 — प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज उत्तराखंड के आपदा प्रभावित क्षेत्रों का दौरा करने के लिए देहरादून पहुंचे, लेकिन खराब मौसम के कारण उनका हवाई सर्वेक्षण रद्द करना पड़ा। इसके बावजूद उन्होंने राहत और बचाव कार्यों में जुटे अधिकारियों और आपदा प्रभावितों से मुलाकात कर जमीनी स्थिति की जानकारी ली।

प्रधानमंत्री मोदी आज शाम साढ़े चार बजे देहरादून एयरपोर्ट पहुंचे, जहाँ मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत्त) गुरप्रीत सिंह ने उनका स्वागत किया। एयरपोर्ट से वे सीधे स्टेट गेस्ट हाउस पहुंचे, जहाँ उन्होंने SDRF, NDRF और ‘आपदा मित्र’ टीमों के साथ बैठक की। इस बैठक में राहत कार्यों की समीक्षा और आगे की रणनीतियों पर चर्चा हुई।

बैठक के बाद प्रधानमंत्री मोदी ने करीब 22 आपदा प्रभावितों और 57 ‘आपदा वीरों’ से मुलाकात की। उन्होंने उनके अनुभव सुने और उनके साहस एवं सेवा की सराहना की। पीएम मोदी ने कहा, "आपदा के समय जिस समर्पण और साहस के साथ आप सभी ने काम किया, वह पूरे देश के लिए प्रेरणा है। सरकार हर प्रभावित व्यक्ति के साथ खड़ी है।"

पहले से तय कार्यक्रम के अनुसार प्रधानमंत्री को एमआई-17 हेलीकॉप्टर से हवाई सर्वेक्षण करना था, लेकिन मौसम खराब होने की वजह से यह योजना रद्द करनी पड़ी। इसके बाद उन्होंने देहरादून में ही उच्च अधिकारियों के साथ एक हाई लेवल समीक्षा बैठक की और आवश्यक निर्देश जारी किए।

WhatsApp Group Join Now