देहरादून - पीएम मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार के 11 साल पूरे होने पर बोले CM धामी, गरीबी, आतंकवाद और भ्रष्ट्राचार पर वार

देहरादून - प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 11 वर्ष पूरे होने के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी ने प्रदेश कार्यालय में प्रेस वार्ता का आयोजन किया। इस अवसर पर उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट मौजूद रहे। दोनों नेताओं ने पीएम मोदी के कार्यकाल को ऐतिहासिक बताते हुए देश की तमाम उपलब्धियों को गिनाया। सीएम धामी ने कहा कि, “प्रधानमंत्री मोदी के 11 वर्ष स्वर्णिम अक्षरों में दर्ज किए जाएंगे। इन वर्षों में भारत ने हर क्षेत्र में प्रगति की है और अब दुनिया की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन चुका है।”

गरीबी, आतंकवाद और भ्रष्ट्राचार पर वार -
मुख्यमंत्री ने बताया कि बीते 11 वर्षों में 27 करोड़ लोग गरीबी रेखा से बाहर आए हैं। दिल्ली से अगर 1 रुपया चलता है, तो वह अब सीधे जनता के बैंक खातों तक पहुंचता है। पहले की सरकारें घोटालों और भ्रष्टाचार के आरोपों में घिरी रहती थीं, अब पारदर्शिता से काम होता है।
उन्होंने कहा कि मोदी सरकार के कार्यकाल में तीन तलाक और धारा 370 जैसे बड़े निर्णय लिए गए। “अब भारत सिर्फ शांति की बात नहीं करता, बल्कि आतंकवाद के खिलाफ घर में घुसकर कार्रवाई करता है। ऑपरेशन सिंधूर इसका प्रमाण है।”

विकास की नई उड़ान -
सीएम धामी ने कहा कि पिछले 11 सालों में देश की सड़क, रेल और हवाई संपर्क में अभूतपूर्व सुधार हुआ है। उत्तराखंड में भी कई नई हवाई सेवाएं शुरू हुई हैं। महिलाओं को सशक्त बनाने के लिए अनेक योजनाएं चलाई जा रही हैं और अटल आयुष्मान योजना के तहत करोड़ों लोगों को स्वास्थ्य सुरक्षा दी गई है।
‘विकसित भारत’ का रास्ता उत्तराखंड से होकर -
सीएम धामी ने कहा कि, “विकसित भारत तभी बनेगा जब विकसित उत्तराखंड बनेगा। मोदी सरकार ने विकास को नई रफ्तार दी है और अगले कुछ वर्षों में भारत को विश्वगुरु बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया जाएगा।”
बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने भी पीएम मोदी की नीति, नीयत और नेतृत्व की प्रशंसा करते हुए कहा कि यह दशक देश के पुनर्निर्माण का दशक बन गया है।