देहरादून - उत्तराखंड भाजपा अध्यक्ष का ताज फिर महेंद्र भट्ट पर लगने वाला है, निर्विरोध चुना जाना लगभग तय
 

 | 

देहरादून - उत्तराखंड बीजेपी की कमान एक बार फिर महेंद्र भट्ट के हाथों में आने जा रही है। दरअसल, प्रदेश अध्यक्ष पद के लिए सिर्फ महेंद्र भट्ट ने ही नामांकन किया है। ऐसे में उनका दोबारा अध्यक्ष बनना तय माना जा रहा है। नामांकन के समय मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी भी उनके साथ मौजूद थे।

महेंद्र भट्ट जुलाई 2022 में पहली बार प्रदेश अध्यक्ष बने थे। उन्होंने मदन कौशिक की जगह यह जिम्मेदारी संभाली थी। भट्ट 2002 में नंदप्रयाग से विधायक रह चुके हैं और 2017 में बदरीनाथ सीट से भी चुनाव जीत चुके हैं। हालांकि, 2022 में उन्हें हार का सामना करना पड़ा था, लेकिन पार्टी ने उन्हें फिर भी प्रदेश अध्यक्ष बनाया। इसके बाद 2 अप्रैल 2024 को बीजेपी ने उन्हें राज्यसभा सांसद भी बनाया।

महेंद्र भट्ट लंबे समय से संगठन में सक्रिय रहे हैं। उन्होंने 1991 में एबीवीपी से राजनीति की शुरुआत की थी और छात्र राजनीति से लेकर बीजेपी युवा मोर्चा तक कई जिम्मेदारियां संभाली हैं। वे चारधाम देवस्थानम बोर्ड, आश्वासन समिति, पलायन समिति और आवास समिति के सदस्य भी रह चुके हैं। भाजपा संगठन में उनकी स्वीकार्यता और अनुभव को देखते हुए पार्टी ने एक बार फिर उन्हें प्रदेश अध्यक्ष की जिम्मेदारी देने का फैसला किया है।

WhatsApp Group Join Now