देहरादून - भारत- नेपाल सीमा प्रबंधन पर दूसरे दिन भी मंथन, सुरक्षा विकास सहित इन मुद्दों पर जोर
देहरादून - भारत और नेपाल के बीच सीमा प्रबंधन को और प्रभावी बनाने के लिए 14वें संयुक्त कार्य समूह (जेडब्ल्यूजी) की बैठक में शुक्रवार को दूसरे और अंतिम दिन भी मंथन जारी रहा। देहरादून स्थित ताज होटल में चल रही उच्चस्तरीय बैठक में दोनों देशों के अधिकारियों ने सीमा सुरक्षा, निगरानी और सीमावर्ती क्षेत्रों में बुनियादी ढांचे को मजबूत करने सहित कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा की।
बैठक का मुख्य उद्देश्य दोनों देशों के बीच सीमा प्रबंधन से जुड़े विषयों पर आपसी समन्वय को मजबूत करना और सीमा क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाना है। अधिकारियों के बीच सीमा पर निगरानी व्यवस्था, सुरक्षा चुनौतियों तथा सीमावर्ती इलाकों के विकास से जुड़े मुद्दों पर विस्तार से विचार-विमर्श किया जा रहा है। भारतीय प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व केंद्रीय गृह मंत्रालय की संयुक्त सचिव पौसुमी बसु कर रही हैं। वहीं, नेपाली प्रतिनिधिमंडल की अगुवाई नेपाल के गृह मंत्रालय के संयुक्त सचिव आनंद काफ्ले कर रहे हैं।
बैठक में दोनों पक्षों के अधिकारियों के बीच सीमा से जुड़े विभिन्न विषयों पर समन्वय बढ़ाने और आपसी सहयोग को मजबूत करने पर जोर दिया जा रहा है। विशेष रूप से सीमा क्षेत्रों में सुरक्षा और निगरानी के साथ-साथ बुनियादी सुविधाओं के विकास को लेकर चर्चा हो रही है। 14वें संयुक्त कार्य समूह की यह बैठक भारत और नेपाल के बीच सीमा प्रबंधन को लेकर नियमित संवाद और सहयोग की दिशा में महत्वपूर्ण मानी जा रही है। बैठक के माध्यम से दोनों देश सीमा से जुड़े मुद्दों के समाधान के लिए आपसी समझ और समन्वय को और मजबूत करने की दिशा में आगे बढ़ रहे हैं।

