देहरादून - ग्राफिक एरा के कुलपति प्रो. नरपिंदर सिंह को आईएएफओएसटी की फेलोशिप, मिला अंतरराष्ट्रीय सम्मान
देहरादून - ग्राफिक एरा डीम्ड यूनिवर्सिटी के कुलपति प्रो. नरपिंदर सिंह को खाद्य विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए इंटरनेशनल एकेडमी ऑफ फूड साइंस एंड टेक्नोलॉजी (आईएएफओएसटी) का फेलो चुना गया है। हांगकांग में आयोजित वर्ल्ड कांग्रेस ऑफ फूड साइंस एंड टेक्नोलॉजी (आईयूएफओएसटी 2026) के दौरान आईएएफओएसटी के अध्यक्ष प्रो. फरीदून शाहिदी ने उन्हें फेलोशिप प्रदान कर सम्मानित किया।
आईएएफओएसटी की फेलोशिप खाद्य विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में उत्कृष्ट शोध, नवाचार और वैज्ञानिक प्रगति में निरंतर योगदान देने वाले प्रतिष्ठित वैज्ञानिकों को प्रदान की जाती है। प्रो. सिंह को यह सम्मान अनाज रसायन विज्ञान, स्टार्च विज्ञान, दलहन प्रौद्योगिकी, खाद्य जैव-पॉलिमर, पादप प्रोटीन की कार्यक्षमता और टिकाऊ खाद्य प्रसंस्करण जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों में उनके शोध कार्यों के लिए दिया गया है।
वर्ष 2026 में 14 देशों के चुनिंदा वैज्ञानिकों में प्रो. नरपिंदर सिंह का चयन खाद्य विज्ञान के क्षेत्र में उनकी अंतरराष्ट्रीय पहचान और शोध योगदान को दर्शाता है। उनके शोध कार्य खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, प्रसंस्करण तकनीकों और टिकाऊ खाद्य प्रणालियों के विकास जैसे विषयों से जुड़े हैं।
गौरतलब है कि हाल ही में जारी स्टैनफोर्ड–एल्सेवियर 2026 की रैंकिंग में भी प्रो. नरपिंदर सिंह को कृषि एवं खाद्य विज्ञान के क्षेत्र में भारत में प्रथम स्थान प्राप्त हुआ है। अंतरराष्ट्रीय फेलोशिप और इस रैंकिंग में स्थान मिलने से खाद्य विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में उनके शोध कार्यों को एक बार फिर पहचान मिली है।


