देहरादून - गैस एजेंसी संचालक हत्याकांड, 24 घंटे में दो शूटर मुठभेड़ में गिरफ्तार, 42 करोड़ की उधारी बना विवाद की जड़
देहरादून - राजधानी देहरादून में गैस एजेंसी संचालक अर्जुन शर्मा की दिनदहाड़े हत्या के मामले में पुलिस ने 24 घंटे के भीतर बड़ी कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को मुठभेड़ में घायल कर गिरफ्तार कर लिया। दोनों आरोपियों को शहर के अलग-अलग इलाकों में हुई मुठभेड़ों के दौरान पकड़ा गया। फिलहाल दोनों का अस्पताल में उपचार चल रहा है। अर्जुन शर्मा शहीद कर्नल आरसी शर्मा के पुत्र थे। वह जीएमएस रोड स्थित अमरदीप गैस एजेंसी का संचालन कर रहे थे। उनके पिता कर्नल आरसी शर्मा वर्ष 1986 में मेरठ में ड्यूटी के दौरान शहीद हुए थे। शहादत के बाद गैस एजेंसी उनकी पत्नी बीना शर्मा को आवंटित हुई थी।
दो जगह हुई मुठभेड़ -
पहली मुठभेड़ रायपुर थाना क्षेत्र के लाडपुर जंगल में हुई, जहां चेकिंग के दौरान एक आरोपी ने पुलिस पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने उसे घायल कर गिरफ्तार कर लिया। दूसरी कार्रवाई लालतप्पड़ क्षेत्र की एक खंडहर फैक्ट्री में हुई, जहां स्कूटी सवार आरोपी ने पुलिस टीम पर गोली चलाई। पुलिस ने उसे भी घायल कर दबोच लिया।
एसएसपी अजय सिंह ने बताया कि आरोपियों के कब्जे से तमंचे और वारदात में प्रयुक्त स्कूटी बरामद की गई है। मामले में साजिश के एंगल से जांच की जा रही है।
भाड़े के शूटरों की आशंका -
पुलिस के अनुसार हत्या पेशेवर तरीके से की गई है, जिससे भाड़े के शूटरों की संलिप्तता की आशंका है। जांच में सामने आया है कि हमलावरों ने पहले रेकी की थी। घटना के दिन अर्जुन शर्मा फल खरीदकर अपनी गाड़ी की ओर बढ़ रहे थे, तभी घात लगाए हमलावरों ने उन्हें गोली मार दी।
पत्नी की तहरीर पर चार के खिलाफ मुकदमा -
इस हत्याकांड में अर्जुन शर्मा की पत्नी अभिलाषा की तहरीर पर सास बीना शर्मा, उनके परिचित विनोद उनियाल, उनकी पत्नी संगीता उनियाल और एसके मेमोरियल अस्पताल के डॉक्टर अजय खन्ना के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। डॉक्टर अजय खन्ना इंडियन मेडिकल एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष भी हैं। अभिलाषा का आरोप है कि बीना शर्मा का अन्य आरोपियों के साथ करोड़ों रुपये का लेनदेन था, जिसे लेकर अर्जुन शर्मा विरोध करते थे। मां-बेटे के बीच विवाद कोर्ट तक पहुंच चुका था।
42 करोड़ की उधारी बना विवाद की जड़
पुलिस जांच में सामने आया है कि पूरा मामला 42 करोड़ रुपये की उधारी से जुड़ा हो सकता है। गैस एजेंसी के कर्मचारी विजय ने भी विनोद उनियाल पर अर्जुन शर्मा को धमकाने का आरोप लगाया है। बताया जा रहा है कि बीना शर्मा ने कोर्ट के आदेश पर सुरक्षा भी ली हुई थी। कर्मचारियों के अनुसार, हत्या से एक दिन पहले बीना शर्मा ने एजेंसी में पूछताछ की थी कि अर्जुन सुबह खेलने के लिए कहां जाते हैं। अगले ही दिन उनकी हत्या हो गई। कर्मचारियों ने बीना शर्मा और उनियाल दंपत्ति के बीच घनिष्ठ संबंधों की भी बात कही है।
संपत्ति और व्यवसाय को लेकर विवाद -
सूत्रों के अनुसार गैस एजेंसी और संपत्ति को लेकर मां-बेटे के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। पुलिस सभी पहलुओं की गहनता से जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा और यदि साजिश के पुख्ता सबूत मिले तो अन्य आरोपियों के खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।
