देहरादून - उत्तराखंड में चार बड़े रोजगार मेले, 10 हजार युवाओं को नौकरी का अवसर, इन जगहों पर होगा मेलों का आयोजन
देहरादून - उत्तराखंड के बेरोजगार युवाओं के लिए अच्छी खबर है। तकनीकी शिक्षा विभाग प्रदेश में अगले चार महीनों के भीतर चार बड़े रोजगार मेले आयोजित करेगा। इनमें देश की विभिन्न बहुराष्ट्रीय कंपनियां हिस्सा लेंगी और करीब 10 हजार युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने का लक्ष्य रखा गया है। तकनीकी शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने बताया कि गढ़वाल मंडल में श्रीनगर और देहरादून, जबकि कुमाऊं मंडल में काशीपुर और अल्मोड़ा में रोजगार मेलों का आयोजन किया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को मेलों की तैयारियां समयबद्ध तरीके से पूरी करने के निर्देश दिए हैं।
पॉलीटेक्निक और आईटीआई छात्रों को मिलेगा मौका -
रोजगार मेलों में पॉलीटेक्निक, आईटीआई और राजकीय इंजीनियरिंग कॉलेजों से पास आउट तथा अंतिम वर्ष में अध्ययनरत छात्र-छात्राएं भाग ले सकेंगे। विद्यालयी शिक्षा के व्यावसायिक पाठ्यक्रम पूरा कर चुके युवाओं को भी रोजगार के अवसर दिए जाएंगे। इसके अलावा उच्च शिक्षा ग्रहण कर रहे और ग्रामीण क्षेत्रों के बेरोजगार युवा भी निजी कंपनियों में रोजगार के लिए आवेदन कर सकेंगे।
मंत्री ने तकनीकी शिक्षा विभाग को एक सप्ताह के भीतर रोजगार मेलों के लिए मुफ्त ऑनलाइन पंजीकरण प्रक्रिया शुरू करने के निर्देश दिए हैं। रोजगार मेलों के आयोजन में विद्यालयी शिक्षा विभाग, उच्च शिक्षा विभाग, सेवायोजन एवं कौशल विकास विभाग की भी भागीदारी रहेगी।
42 हजार युवाओं को रोजगार देने का दावा -
तकनीकी शिक्षा मंत्री ने कहा कि सरकार का लक्ष्य प्रदेश के अधिक से अधिक युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराना है। उनके अनुसार अब तक करीब 42 हजार युवाओं को स्थायी, संविदा और आउटसोर्स माध्यम से रोजगार दिया जा चुका है।
विभाग में मीडिया सेल बनाने के निर्देश -
बैठक में तकनीकी शिक्षा विभाग के मुख्यालय में मीडिया सेल गठित करने के भी निर्देश दिए गए। इस सेल का काम विभागीय वेबसाइट और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म को नियमित रूप से अपडेट करना होगा। इसके माध्यम से सरकार की योजनाओं, उपलब्धियों और विकास कार्यों की जानकारी आमजन तक पहुंचाई जाएगी। मीडिया सेल में आईटी और तकनीकी रूप से दक्ष तीन कार्मिकों को शामिल किया जाएगा।
