देहरादून - पूर्व सीएम हरीश रावत की पोस्ट से गरमाई उत्तराखंड की सियासत, कैबिनेट मंत्री सौरभ बहुगुणा का पलटवार
देहरादून - पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत की सोशल मीडिया पोस्ट से उत्तराखंड की राजनीति में बहुगुणा परिवार को लेकर नया सियासी विवाद खड़ा हो गया है। कांग्रेस छोड़कर भाजपा में गए पूर्व मुख्यमंत्री विजय बहुगुणा पर की गई टिप्पणी के बाद धामी सरकार में कैबिनेट मंत्री सौरभ बहुगुणा ने तीखी प्रतिक्रिया दी है।
हेमवती नंदन बहुगुणा जी का बेटा दल बदलकर भाजपा में जाएगा। मैं बहुत गुणा-भाग लगाता रहता था, लेकिन मन कहता था कि वह नहीं जाएगा, मान जाएगा।#Uttarakhand #Congress #Politics #PoliticalStatement pic.twitter.com/8Rzb2L2DwW
— Harish Rawat (@harishrawatcmuk) July 25, 2026
हरीश रावत ने अपनी फेसबुक पोस्ट में लिखा कि, "हेमवती नंदन बहुगुणा जी का बेटा दल बदलकर भाजपा में जाएगा। मैं बहुत गुणा-भाग लगाता रहता था, लेकिन मन कहता था कि वह नहीं जाएगा, मगर वह गया।" उनकी यह टिप्पणी विजय बहुगुणा के कांग्रेस छोड़कर भाजपा में शामिल होने के संदर्भ में मानी जा रही है।
पोस्ट सामने आने के बाद सौरभ बहुगुणा ने पलटवार करते हुए कहा कि हरीश रावत अब ऐसी स्थिति में नहीं हैं कि उनकी बातों पर अधिक ध्यान दिया जाए। उन्होंने कहा कि हेमवती नंदन बहुगुणा का उत्तराखंड और देश की राजनीति में अमूल्य योगदान रहा है और उनके नाम को राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप का हिस्सा नहीं बनाया जाना चाहिए।
गौरतलब है कि वर्ष 2016 में तत्कालीन हरीश रावत सरकार के दौरान कांग्रेस में बड़े राजनीतिक घटनाक्रम के बीच विजय बहुगुणा समेत कई विधायकों ने पार्टी छोड़कर भाजपा का दामन थाम लिया था। उस घटनाक्रम ने राज्य की राजनीति में बड़ा बदलाव लाया था और आज भी वह राजनीतिक चर्चा का विषय बना हुआ है।
हरीश रावत की ताजा टिप्पणी के बाद कांग्रेस और भाजपा के बीच एक बार फिर सियासी बयानबाजी तेज हो गई है। हालांकि, इस पूरे विवाद पर पूर्व मुख्यमंत्री विजय बहुगुणा की ओर से अभी तक कोई प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। राजनीतिक जानकारों का मानना है कि बहुगुणा परिवार से जुड़ा यह विवाद आने वाले दिनों में प्रदेश की राजनीति में नई बहस को जन्म दे सकता है।
