देहरादून - डीएम की पहल से विधवा महिला को बड़ी राहत, बैंक ऋण माफ कर दिलाई एनओसी

 | 
देहरादून - डीएम की पहल से विधवा महिला को बड़ी राहत, बैंक ऋण माफ कर दिलाई एनओसी

देहरादून - जिला प्रशासन ने मानवीय संवेदनशीलता का परिचय देते हुए असहाय विधवा क्षमा परवीन को बड़ी राहत प्रदान की है। सविन बंसल के निर्देश पर उनका वर्षों पुराना बैंक ऋण वन टाइम सेटलमेंट (ओटीएस) के माध्यम से समाप्त कराते हुए बैंक से नो ड्यूज और एनओसी जारी कराई गई। साथ ही शेष 33 हजार रुपये की धनराशि भी जिला प्रशासन द्वारा जमा कराई गई।

जानकारी के अनुसार, क्षमा परवीन ने वर्ष 2014 में अपनी बड़ी बेटी के विवाह के लिए DCB Bank से करीब सवा लाख रुपये का ऋण लिया था। उसी वर्ष उनके पति का निधन हो गया, जिससे परिवार आर्थिक संकट में घिर गया। इसके बाद वर्ष 2020 में कोविड-19 के दौरान उनकी बड़ी विवाहित बेटी की भी मृत्यु हो गई। लगातार विपरीत परिस्थितियों और पारिवारिक जिम्मेदारियों के चलते वह ऋण चुकाने में असमर्थ हो गईं।

वर्तमान में क्षमा परवीन पर तीन अविवाहित बेटियों, एक पुत्र और पांच वर्षीय नातिन के भरण-पोषण और शिक्षा की जिम्मेदारी है। मामले की जानकारी मिलने पर जिलाधिकारी ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बैंक से समन्वय स्थापित कर ऋण को ओटीएस के तहत समाप्त कराया और एनओसी जारी करवाई।

इसके अलावा जिला प्रशासन ने परिवार की अन्य आवश्यकताओं का भी ध्यान रखा। छोटी बेटी फैजा की पढ़ाई को नंदा-सुनंदा योजना के तहत पुनः शुरू कराया गया, जिसके लिए 27 हजार रुपये की फीस जमा की गई। वहीं, पांच वर्षीय नातिन आयरा का दाखिला Right to Education Act (RTE) के तहत नजदीकी निजी स्कूल में कराया गया। दाखिले में आ रही आय प्रमाण पत्र की बाधा को भी मौके पर ही दूर कर दिया गया।

जिला प्रशासन की इस पहल से जहां एक ओर परिवार को आर्थिक राहत मिली है, वहीं दूसरी ओर बच्चों के भविष्य को भी सुरक्षित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन की इस मानवीय पहल की सराहना की है।

WhatsApp Group Join Now