Dehradun Crime - कलयुग में इंसान का खूनी तांडव, देहरादून में अब जिम से लौट रहे प्रॉपर्टी डीलर की गोली मारकर हत्या
Uttarakhand Crime - देहरादून में अपराधियों के हौसले लगातार बुलंद होते नजर आ रहे हैं। राजधानी के राजपुर रोड स्थित सिल्वर सिटी मॉल के पास जिम से लौट रहे एक युवक की तीन अज्ञात हमलावरों ने गोली मारकर हत्या कर दी। दिनदहाड़े हुई इस वारदात से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान प्रॉपर्टी डीलर विक्रम शर्मा के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह जिम से बाहर निकल रहे थे, तभी पहले से घात लगाए हमलावरों ने उन पर ताबड़तोड़ गोलियां बरसा दीं। गंभीर रूप से घायल अवस्था में उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और क्षेत्र को घेरकर जांच शुरू कर दी। हमलावरों की पहचान के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। प्रारंभिक जांच में आपसी रंजिश या पेशेगत विवाद की आशंका जताई जा रही है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है।
राजधानी में लगातार सामने आ रही इस तरह की दिल दहला देने वाली घटनाओं ने कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों में आक्रोश और भय का माहौल है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर घटना का खुलासा किया जाएगा। इससे पहले देहरादून में हाल में ही कई हत्यायें हुई हैं, वहीं हल्द्वानी में भी बीते दिन डबल मर्डर से सनसनी फ़ैल गई थी। कलयुग में इंसान का यह खूनी तांडव एक बार फिर समाज को झकझोर गया है।
