देहरादून - UKSSSC वाहन चालक भर्ती की मेरिट सूची पर विवाद, ओकोल’ और ‘उकुल’ जैसे नामों से उठाये सवाल, आयोग ने दी सफाई

 | 
Uttarakhand Sarkari Jobs - UKSSSC वाहन चालक भर्ती की मेरिट सूची पर विवाद, ओकोल’ और ‘उकुल’ जैसे नामों से उठाये सवाल, आयोग ने दी सफाई

देहरादून - उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (यूकेएसएसएससी) द्वारा वाहन चालक एवं प्रवर्तन चालक भर्ती परीक्षा की अनंतिम मेरिट सूची जारी होने के बाद नया विवाद खड़ा हो गया है। मेरिट सूची में कुछ अभ्यर्थियों के नाम और जेंडर संबंधी प्रविष्टियों को लेकर सोशल मीडिया तथा बेरोजगार संगठनों ने सवाल उठाए हैं। हालांकि आयोग ने सभी आरोपों को खारिज करते हुए स्पष्ट किया है कि सूची में दर्शाई गई जानकारियां अभ्यर्थियों द्वारा आवेदन पत्र में स्वयं दर्ज की गई सूचनाओं के आधार पर प्रकाशित की गई हैं।

 

यूकेएसएसएससी ने वाहन चालक एवं प्रवर्तन चालक के 75 पदों पर भर्ती के लिए 31 मई 2026 को लिखित परीक्षा आयोजित की थी। परीक्षा की प्रारंभिक उत्तर कुंजी 2 जून को जारी की गई, जिस पर 3 से 7 जून तक ऑनलाइन आपत्तियां प्राप्त हुईं। विशेषज्ञों द्वारा आपत्तियों के परीक्षण के बाद संशोधित उत्तर कुंजी तैयार की गई और उसके आधार पर रिक्त पदों के सापेक्ष छह गुना अभ्यर्थियों की अनंतिम श्रेष्ठता सूची जारी की गई है। इसके तहत कुल 450 अभ्यर्थियों को वाहन संचालन दक्षता परीक्षा के लिए बुलाया जाएगा।

नामों को लेकर उठा विवाद - 
मेरिट सूची जारी होने के बाद कुछ असामान्य नाम सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गए। सूची में शामिल ‘एक्सप्लोर ज्ञान’, ‘ओकोल’ और ‘उकुल’ जैसे नामों को लेकर लोगों ने सवाल उठाए और इसे आयोग की चूक बताया। विवाद बढ़ने पर आयोग ने सफाई देते हुए कहा कि ये नाम किसी तकनीकी या टाइपिंग त्रुटि का परिणाम नहीं हैं, बल्कि संबंधित अभ्यर्थियों ने आवेदन पत्र में स्वयं यही नाम दर्ज किए थे। आयोग के अनुसार मेरिट सूची तैयार करते समय आवेदन पत्र में उपलब्ध सूचनाओं को यथावत प्रदर्शित किया गया है और इसमें किसी प्रकार का बदलाव नहीं किया गया।

जेंडर प्रविष्टियों पर भी सवाल -
उत्तराखंड बेरोजगार संघ की ओर से मेरिट सूची में कुछ अभ्यर्थियों के जेंडर संबंधी विवरण पर भी सवाल उठाए गए। आरोप लगाया गया कि कुछ महिला अभ्यर्थियों को पुरुष तथा कुछ पुरुष अभ्यर्थियों को महिला दर्शाया गया है। इस पर आयोग ने कहा कि जेंडर संबंधी सभी प्रविष्टियां भी अभ्यर्थियों द्वारा आवेदन के समय दर्ज की गई जानकारी के आधार पर ही प्रदर्शित की गई हैं।

अंक और चयन प्रक्रिया पर भी उठे प्रश्न - 
कुछ अभ्यर्थियों ने दावा किया कि अधिक अंक प्राप्त करने वाले उम्मीदवारों के नाम सूची में नहीं हैं, जबकि अपेक्षाकृत कम अंक पाने वाले अभ्यर्थियों को स्थान मिला है। इस पर आयोग ने स्पष्ट किया कि कई अभ्यर्थी केवल उत्तर कुंजी के आधार पर संभावित अंक जोड़ रहे हैं, जबकि वास्तविक मूल्यांकन में ओएमआर शीट पर गलत भराव, एक से अधिक उत्तर चिह्नित करना अथवा अन्य तकनीकी कारणों से परिणाम प्रभावित हो सकते हैं। आयोग ने कहा कि यदि किसी अभ्यर्थी को आपत्ति है तो वह निर्धारित प्रक्रिया के तहत अपनी शिकायत दर्ज करा सकता है, जिसका परीक्षण किया जाएगा।

दस्तावेज सत्यापन में होगी सख्त जांच - 
यूकेएसएसएससी अध्यक्ष जीएस मर्तोलिया ने कहा कि वर्तमान में जारी सूची अनंतिम है और चयन प्रक्रिया अभी पूरी नहीं हुई है। मेरिट सूची में शामिल अभ्यर्थियों को पहले वाहन संचालन दक्षता परीक्षा देनी होगी, जिसके बाद दस्तावेज सत्यापन किया जाएगा।

उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि किसी अभ्यर्थी ने गलत नाम, जेंडर, शैक्षिक योग्यता या अन्य भ्रामक जानकारी देकर आवेदन किया है तो उसकी उम्मीदवारी तत्काल निरस्त कर दी जाएगी। साथ ही ऐसे अभ्यर्थियों को भविष्य की आयोगीय भर्तियों से प्रतिबंधित करने पर भी विचार किया जा रहा है।

ड्राइविंग टेस्ट की तिथि जल्द होगी घोषित - 
आयोग ने बताया कि वाहन संचालन दक्षता परीक्षा की तिथि अलग से आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर जारी की जाएगी। अभ्यर्थियों से समय-समय पर वेबसाइट का अवलोकन करते रहने की अपील की गई है।

मेरिट सूची को लेकर उठे विवाद के बीच अब सभी की नजरें आगामी ड्राइविंग टेस्ट और दस्तावेज सत्यापन प्रक्रिया पर टिकी हैं। इसी चरण में यह स्पष्ट होगा कि मेरिट सूची में दिखाई दे रही विसंगतियां आयोग की त्रुटि हैं या आवेदन के दौरान अभ्यर्थियों द्वारा दी गई गलत जानकारियों का परिणाम।

WhatsApp Group Join Now