देहरादून - मतदाता सूची से नाम हटाने की साजिश लोकतंत्र पर हमला, यशपाल आर्य बोले सुनियोजित षड्यंत्र नहीं होगा बर्दाश्त 

 | 
देहरादून - मतदाता सूची से नाम हटाने की साजिश लोकतंत्र पर हमला, यशपाल आर्य बोले सुनियोजित षड्यंत्र नहीं होगा बर्दाश्त

देहरादून - उत्तराखंड विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य ने प्रदेश के विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों, विशेषकर बाजपुर विधानसभा में बड़ी संख्या में फॉर्म-7 के माध्यम से मतदाताओं के नाम हटाने के लिए दायर आपत्तियों पर गंभीर चिंता जताई है। उन्होंने इसे लोकतंत्र पर सुनियोजित हमला बताते हुए मामले की उच्चस्तरीय जांच और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। यशपाल आर्य ने कहा कि 3 अगस्त 2026 के फॉर्म-10 के ऑनलाइन रिकॉर्ड के अनुसार केवल बाजपुर विधानसभा के भाग संख्या 27, 142 और 149 में ही 93 मतदाताओं के नाम हटाने के लिए फॉर्म-7 दाखिल किए गए हैं। उन्होंने दावा किया कि इसी तरह की शिकायतें प्रदेश की अन्य विधानसभा क्षेत्रों से भी सामने आ रही हैं, जिससे किसी संगठित गिरोह या नेटवर्क की भूमिका होने की आशंका पैदा होती है।

उन्होंने कहा कि यदि फर्जी आपत्तियों के आधार पर बड़ी संख्या में मतदाताओं के नाम हटाने का प्रयास किया जा रहा है, तो यह केवल प्रशासनिक लापरवाही नहीं बल्कि लोकतांत्रिक व्यवस्था को प्रभावित करने की गंभीर कोशिश है। सरकार को स्पष्ट करना चाहिए कि इस तरह की गतिविधियों के पीछे कौन लोग हैं और उन्हें किसका संरक्षण प्राप्त है। नेता प्रतिपक्ष ने मुख्य निर्वाचन अधिकारी को पत्र भेजकर मांग की है कि प्रदेश के सभी मतदाता पंजीकरण अधिकारियों को निर्देश दिए जाएं कि फर्जी एवं दुर्भावनापूर्ण तरीके से फॉर्म-7 दाखिल करने वालों की पहचान कर उनके खिलाफ निर्वाचन कानूनों और अन्य प्रासंगिक धाराओं के तहत सख्त कार्रवाई की जाए।

उन्होंने यह भी मांग की कि जिन लोगों ने आपत्तियां दर्ज कराई हैं, उन्हें नियमानुसार फॉर्म-13 और जिन मतदाताओं के नाम हटाने के लिए आवेदन किए गए हैं, उन्हें फॉर्म-14 के तहत नोटिस जारी कर निष्पक्ष और पारदर्शी सुनवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि किसी भी पात्र मतदाता का नाम एकतरफा तरीके से मतदाता सूची से न हटाया जा सके। यशपाल आर्य ने कहा कि यदि जांच में किसी संगठित गिरोह द्वारा लोकतांत्रिक प्रक्रिया को प्रभावित करने की साजिश सामने आती है तो संबंधित लोगों के खिलाफ तत्काल एफआईआर दर्ज कर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जानी चाहिए।

उन्होंने चेतावनी दी कि यदि इस मामले में निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं हुई तो कांग्रेस प्रदेशभर में लोकतंत्र और मतदाताओं के अधिकारों की रक्षा के लिए व्यापक जनआंदोलन शुरू करेगी। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची से नाम हटाने की किसी भी साजिश को सफल नहीं होने दिया जाएगा।

WhatsApp Group Join Now