देहरादून- महंगाई और अग्निवीर योजना को लेकर कांग्रेस का केंद्र सरकार पर हमला, भाजपा के दिए जलाने पर साधा निशाना 

 | 
देहरादून- महंगाई और अग्निवीर योजना को लेकर कांग्रेस का केंद्र सरकार पर हमला, भाजपा के दिए जलाने पर साधा निशाना

 

देहरादून - प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर भाजपा की ओर से दीपक जलाने के अभियान को लेकर कांग्रेस ने केंद्र सरकार पर निशाना साधा। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने कहा कि महंगाई के दौर में गरीब परिवारों के घर चूल्हे जलें, इसकी चिंता सरकार को नहीं है, लेकिन प्रधानमंत्री के जन्मदिन पर हजारों लीटर तेल से लाखों दीपक जलाने की होड़ मची है।


राजपुर रोड स्थित कांग्रेस मुख्यालय में आयोजित पत्रकार वार्ता में गोदियाल ने अग्निपथ योजना के तहत भर्ती अग्निवीरों के भविष्य को लेकर भी केंद्र और राज्य सरकार से जवाब मांगा। उन्होंने कहा कि इसी माह कई अग्निवीर चार वर्ष की सेवा पूरी कर वापस लौट रहे हैं। सरकार को स्पष्ट करना चाहिए कि इन युवाओं के रोजगार और भविष्य के लिए क्या व्यवस्था की गई है।
कांग्रेस चुनाव प्रचार अभियान समिति के चेयरमैन विधायक प्रीतम सिंह ने कहा कि अग्निपथ योजना के चलते युवाओं में सेना में भर्ती होने को लेकर उत्साह कम हुआ है। उन्होंने सवाल उठाया कि जब योजना के तहत करीब 25 प्रतिशत युवाओं को ही सेना में दोबारा सेवा का अवसर मिलेगा तो बाकी 75 प्रतिशत अग्निवीरों के रोजगार का क्या होगा। उन्होंने सरकार से इन युवाओं के लिए ठोस रोजगार व्यवस्था करने की मांग की।


वहीं कांग्रेस चुनाव प्रचार अभियान समिति के अध्यक्ष डॉ. हरक सिंह रावत ने अग्निपथ योजना को युवाओं के साथ धोखा बताया। उन्होंने कहा कि उनकी चार पीढ़ियां सेना से जुड़ी रही हैं और वह सैनिकों व उनके परिवारों की परेशानियों को समझते हैं। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड के अनेक वीर सपूतों ने देश की रक्षा करते हुए सर्वोच्च बलिदान दिया है।


हरक सिंह रावत ने दावा किया कि अग्निवीर योजना के कारण युवाओं को सामाजिक और पारिवारिक चुनौतियों का भी सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से अग्निपथ योजना समाप्त कर पुरानी व्यवस्था के तहत सेना भर्ती शुरू करने की मांग की।

WhatsApp Group Join Now