देहरादून - सीएम धामी ने कहा केंद्रीय बजट से उत्तराखंड में 40 हजार करोड़ के विकास कार्य होंगे, जानिए और क्या कहा
देहरादून - मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि उत्तराखंड में केंद्रीय बजट से लगभग 40 हजार करोड़ रुपये के विकास कार्य शुरू होंगे। सीएम धामी ने कहा कि राज्य में विकास के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण को भी प्राथमिकता दी जाएगी। सीएम ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का देवभूमि उत्तराखंड से विशेष लगाव है, इसलिए बजट में राज्य के हितों का ध्यान रखा गया है। उन्होंने इसे संतुलित और क्षेत्रीय विकास की संभावनाएं बढ़ाने वाला बजट बताया।
धामी ने आगे कहा कि राज्य को 16वें वित्त आयोग से 1800 करोड़ रुपये अतिरिक्त मिलेंगे। पर्वतीय क्षेत्रों में ट्रैकिंग ट्रेल्स के विकास से रोजगार के अवसर बढ़ेंगे और स्थानीय गाइड्स का कौशल विकास भी होगा। सीएम ने बताया कि राज्य में बादाम और अखरोट की खेती को बढ़ावा दिया जाएगा और स्थानीय उद्योगों को पुनर्जीवित करने से नए रोजगार के अवसर पैदा होंगे। पर्यटन क्षेत्र को भी बढ़ावा मिलेगा, जिससे रोजगार और आर्थिक गतिविधियां मजबूत होंगी।
इसके अलावा, सीएम ने केंद्र सरकार से आयुष एम्स के लिए निवेदन करने की जानकारी दी और कहा कि यह राज्य में स्वास्थ्य सेवाओं को और सुदृढ़ करेगा।
धामी ने बजट को प्रधानमंत्री के दूरदर्शी नेतृत्व और विकसित भारत के संकल्प को पूरा करने वाला बताया।
