देहरादून - CM धामी ने छात्राओं संग सुनी 'मन की बात', मुख्यमंत्री बोले देशवासियों को प्रेरित करने का सशक्त माध्यम
देहरादून - मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को मुख्यमंत्री आवास में नेताजी सुभाष चंद्र बोस आवासीय बालिका छात्रावास की छात्राओं के साथ प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के 'मन की बात' कार्यक्रम के 134वें संस्करण को सुना। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि 'मन की बात' देशवासियों को प्रेरित करने वाला एक सशक्त माध्यम बन चुका है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री विभिन्न क्षेत्रों की प्रेरणादायक कहानियों के माध्यम से लोगों को जनहित के कार्यों के लिए प्रेरित करते हैं। आत्मनिर्भर भारत, पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता, नवाचार, स्थानीय उत्पादों के प्रोत्साहन तथा सामाजिक सरोकारों से जुड़े विषयों पर दिए गए संदेश समाज में सकारात्मक परिवर्तन ला रहे हैं।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री की प्रेरणा से उत्तराखंड में भी अनेक लोग अपने कार्यों से समाज में उल्लेखनीय बदलाव ला रहे हैं। राज्य सरकार ऐसे लोगों को प्रोत्साहित करने के लिए निरंतर प्रयासरत है। सीएम धामी ने बताया कि कार्यक्रम में प्रधानमंत्री ने भीषण गर्मी के दौरान स्वास्थ्य का विशेष ध्यान रखने, बचाव के उपाय अपनाने तथा देशी एवं पारंपरिक पेयों को बढ़ावा देने का आह्वान किया। साथ ही आम समेत भारतीय फलों की विशेषताओं का भी उल्लेख किया।
कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री ने छात्रावास की छात्राओं से संवाद कर उनके विचार और सुझाव प्राप्त किए। उन्होंने छात्राओं को पढ़ाई के साथ-साथ खेलकूद एवं अन्य रचनात्मक गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित करते हुए कहा कि छोटे-छोटे सकारात्मक प्रयास ही बड़े बदलावों की नींव रखते हैं। अच्छे कार्यों से न केवल व्यक्ति को सफलता मिलती है, बल्कि समाज में सकारात्मक वातावरण का भी निर्माण होता है।
