देहरादून - मुख्यमंत्री ने कुंभ सहित राज्य की विकास योजनाओं के लिए दी वित्तीय स्वीकृत, जानिए हर जिले को मिले कितने करोड़
देहरादून - मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी द्वारा राज्य की विभिन्न विकास योेजनाओं के साथ ही कुम्भ मेला-2027 से संबंधित मुख्य योजनाओं के लिए 256 करोड़ रूपए की वित्तीय स्वीकृति दी गई हैं। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी द्वारा राज्य आपदा मोचन निधि के अन्तर्गत 15वें वित्त आयोग की अवशेष धनराशि से प्रत्येक जनपद को राहत एवं बचाव मद में ₹ 3.00 करोड़, पुनर्प्राप्ति एवं पुनर्निर्माण मद में ₹5.00 करोड़ तथा तैयारी एवं क्षमता विकास मद में ₹2.00 करोड़ की धनराशि प्रदान की गई है। इस प्रकार प्रति जनपद ₹10.00 करोड़ दिए गए हैं। इस क्रम में कुल धनराशि ₹ 130 करोड़ अवमुक्त किए जाने की स्वीकृति दी गई है।
जिलाधिकारियों के लिए 39 करोड़ की स्वीकृति -
मुख्यमंत्री ने वित्तीय वर्ष 2026-27 के आय-व्ययक में उत्तराखण्ड राज्य में समस्त जिलाधिकारियों को नॉन एसडीआरएफ (जिलाधिकारियों के लिए आपदा से क्षतिग्रस्त परिसम्पत्तियों के पुनर्निर्माण) में प्राविधानित धनराशि ₹ 39.00 करोड़ के सापेक्ष प्रति जनपद धनराशि ₹ 2.00 करोड़ दी गई है । इस क्रम में कुल धनराशि ₹ 26.00 करोड़ स्वीकृत किए जाने का अनुमोदन प्रदान किया गया है।
कुंभ मेले समेत इन कार्यों के लिए दी गई स्वीकृति -
मुख्यमंत्री द्वारा कुम्भ मेला-2027 के तहत राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या-58 से औद्योगिक क्षेत्र तक चार लेन मार्ग के नवीनीकरण के लिए 2.72 करोड़, पशुलोक बैराज मार्ग के किमी0 0.00 से 5.00 तक बी०सी० द्वारा सुधार कार्य हेतु ₹ 2.13 करोड़ और बहादराबाद-रोहाल्की तिराहे से अलीपुर-सुकरासा-पथरी अम्बूवाला मार्ग के नवीनीकरण कार्य के लिए ₹1.36 करोड़ की धनराशि अवमुक्त किए जाने का अनुमोदन प्रदान किया गया है।
मुख्यमंत्री द्वारा जनपद देहरादून की पित्थूवाला शाखा में कमला पैलेस एवं जी०एम०एस० रोड क्षेत्र में नलकूप निर्माण, राईजिंग मेन और वितरण प्रणाली एवं तत्संबंधी कार्यों हेतु ₹ 20.37 करोड़ स्वीकृत किए गए हैं।
