देहरादून - मुख्यमंत्री धामी ने SIR को लेकर कहा-भ्रम पैदा करना चाहती है कांग्रेस, तथ्यों के आधार पर उठाए जाएं सवाल
देहरादून - मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि चुनाव आयोग को लेकर कांग्रेस और राहुल गांधी की ओर से एक नैरेटिव बनाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस का उद्देश्य लोगों के बीच भ्रम की स्थिति पैदा करना है। मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस की ओर से पहले भी कई मुद्दों पर नैरेटिव बनाने का प्रयास किया गया, लेकिन वे सफल नहीं हुए।
देहरादून में प्रेसवार्ता के दौरान मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि चुनाव आयोग एक संवैधानिक संस्था है। ऐसे में आयोग की कार्यप्रणाली को लेकर सवाल उठाए जाते हैं तो वे तथ्यों और प्रमाणों के आधार पर होने चाहिए। उन्होंने कहा कि राजनीतिक आरोपों के बजाय संबंधित तथ्यों को सामने रखना जरूरी है।
मुख्यमंत्री ने विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) का उल्लेख करते हुए कहा कि चुनाव आयोग के तीनों आयुक्तों ने स्पष्ट किया है कि 24 जून 2025 को विशेष गहन पुनरीक्षण का निर्णय सर्वसम्मति से लिया गया था। उन्होंने कहा कि आयोग के सर्वसम्मत निर्णय को मतभेद के रूप में प्रस्तुत करना उचित नहीं है।
धामी ने कहा कि चुनाव प्रक्रिया और मतदाता सूची से जुड़े विषयों को लेकर जनता के बीच किसी भी प्रकार का भ्रम नहीं फैलना चाहिए। उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में चुनाव आयोग की भूमिका महत्वपूर्ण है और उसके संबंध में चर्चा तथ्यों के आधार पर ही होनी चाहिए। उत्तराखंड में एसआईआर प्रक्रिया को लेकर हाल के दिनों में निर्वाचन विभाग की ओर से भी समीक्षा और मैदानी स्तर पर जांच की जा रही है।


