देहरादून - ग्राउंड जीरो पर उतरे मुख्यमंत्री धामी, मोबाइल से अफसरों को दिखाई हकीकत, सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों को जांचा
देहरादून - मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को सीएम हेल्पलाइन पर दर्ज शिकायतों के निस्तारण को लेकर सख्त रुख अपनाते हुए खुद मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि जन समस्याओं का समाधान केवल फाइलों में नहीं, बल्कि जमीनी स्तर पर होना चाहिए। दरअसल, देहरादून के जाखन निवासी विवेक मदान ने राजपुर रोड क्षेत्र में विद्युत लाइन अंडरग्राउंड किए जाने के बाद क्षतिग्रस्त हुए फुटपाथ की शिकायत सीएम हेल्पलाइन पर दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया था कि पहले बनाए गए फुटपाथ को यूपीसीएल द्वारा लाइन बिछाने के दौरान खोद दिया गया, लेकिन मरम्मत सही ढंग से नहीं की गई, जिससे टाइल्स धंस गईं और राहगीरों को असुविधा हो रही है।
शुक्रवार को निर्धारित समीक्षा बैठक से पहले ही मुख्यमंत्री धामी सीधे जाखन पहुंच गए। उन्होंने शिकायतकर्ता को साथ लेकर मौके का निरीक्षण किया और मोबाइल के माध्यम से अधिकारियों को वीडियो कॉल कर वास्तविक स्थिति दिखाई। निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने कार्य में लापरवाही पर नाराजगी जताई। उन्होंने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ योजनाओं को पूरा करें। उन्होंने कहा कि अंडरग्राउंड कार्य के बावजूद कई स्थानों पर बिजली लाइन ऊपर दिखाई देना गंभीर लापरवाही है, जिससे आम जनता की सुरक्षा को खतरा हो सकता है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि बिना उचित योजना के बार-बार खुदाई और निर्माण कार्य से न केवल जनता को परेशानी होती है, बल्कि सरकारी धन की भी बर्बादी होती है। उन्होंने मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन को निर्देश दिए कि प्रदेश भर में इस तरह की शिकायतों की जांच कर उन्हें प्राथमिकता से दूर किया जाए और इसके लिए विशेष अभियान चलाया जाए। इस दौरान मुख्यमंत्री ने स्थानीय दुकानदारों और क्षेत्रवासियों से भी बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं और शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया।
