देहरादून - आज होगी धामी कैबिनेट की अहम बैठक, ईवी पॉलिसी समेत कई प्रस्तावों पर लग सकती है मुहर

 | 
देहरादून - आज होगी धामी कैबिनेट की अहम बैठक, ईवी पॉलिसी समेत कई प्रस्तावों पर लग सकती है मुहर

देहरादून - मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की अध्यक्षता में गुरुवार को सचिवालय में राज्य मंत्रिमंडल की अहम बैठक आयोजित होगी। पहले सुबह 9 बजे प्रस्तावित यह बैठक मुख्यमंत्री के दिल्ली दौरे के कारण अब दोपहर 4:25 बजे शुरू होगी। जुलाई माह की यह पहली कैबिनेट बैठक होने के चलते इसे काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

बैठक में स्वास्थ्य, परिवहन, शिक्षा, ऊर्जा, लोक निर्माण, पशुपालन, खेल और आपदा प्रबंधन विभाग समेत कई विभागों से जुड़े महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर चर्चा और निर्णय होने की संभावना है। प्रदेश में चारधाम यात्रा जारी रहने और भारी बारिश के अलर्ट को देखते हुए आपदा प्रबंधन से जुड़े मुद्दे भी बैठक के प्रमुख एजेंडे में शामिल रह सकते हैं। आपदा से निपटने की तैयारियों और विभागीय व्यवस्थाओं की समीक्षा किए जाने की भी संभावना है।

सूत्रों के अनुसार, नियोजन विभाग की नई नीतियों पर भी मंत्रिमंडल की मुहर लग सकती है। वहीं शिक्षा विभाग में शिक्षकों के तबादलों को अधिक पारदर्शी बनाने संबंधी प्रस्ताव और राज्य की नई इलेक्ट्रिक वाहन (ईवी) नीति पर भी फैसला लिया जा सकता है।

इसके अलावा, नई खेल नीति पर भी चर्चा होने की संभावना है। प्रस्तावित नीति में खिलाड़ियों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पदक जीतने पर रोजगार सहित विभिन्न प्रोत्साहन देने के प्रावधान शामिल किए गए हैं। पशुपालन विभाग से जुड़े एक महत्वपूर्ण प्रस्ताव पर भी कैबिनेट की मंजूरी मिलने की उम्मीद है। बैठक में लिए जाने वाले फैसलों पर प्रदेश की कई महत्वपूर्ण योजनाओं और नीतियों की आगे की दिशा तय होगी।

WhatsApp Group Join Now