देहरादून — सरकारी मेडिकल कॉलेजों में 587 नए नर्सिंग अधिकारी भर्ती होंगे, जानिए इस दिन से होंगे आवेदन
देहरादून - उत्तराखंड के राजकीय मेडिकल कॉलेजों में स्वास्थ्य सेवाओं को और मजबूत करने के लिए 587 नर्सिंग अधिकारियों की भर्ती प्रक्रिया शुरू हो गई है। उत्तराखंड चिकित्सा सेवा चयन बोर्ड ने चिकित्सा शिक्षा विभाग के प्रस्ताव पर यह प्रक्रिया आगे बढ़ाते हुए सोमवार को विज्ञप्ति जारी कर दी।
चिकित्सा शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने बताया कि सरकार आम जनता को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएँ देने के लिए आधुनिक संसाधनों के साथ-साथ खाली पदों को तेजी से भर रही है। पिछले एक सप्ताह में ही चयन बोर्ड स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग के तहत 287 चिकित्सकों और 180 एएनएम के पदों पर सीधी भर्ती प्रक्रिया शुरू कर चुका है।
जारी विज्ञप्ति के अनुसार, राज्य के राजकीय मेडिकल कॉलेज हरिद्वार और पिथौरागढ़ में 480 रिक्त पदों के साथ ही 107 बैकलॉग पदों को मिलाकर कुल 587 नर्सिंग अधिकारियों की भर्ती की जाएगी। ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया 27 नवंबर से शुरू होगी, जबकि आवेदन की अंतिम तिथि 17 दिसंबर तय की गई है।
पदों का वर्गानुसार विवरण इस प्रकार है—
नर्सिंग अधिकारी (महिला) डिप्लोमा धारक – 336 पद
नर्सिंग अधिकारी (महिला) डिग्री धारक – 144 पद
नर्सिंग अधिकारी (पुरुष) डिप्लोमा धारक – 75 पद
नर्सिंग अधिकारी (पुरुष) डिग्री धारक – 32 पद
सरकार का कहना है कि भर्ती पूरी होने के बाद मेडिकल कॉलेजों में नर्सिंग स्टाफ की कमी काफी हद तक दूर हो जाएगी, जिससे मरीजों को बेहतर और समयबद्ध स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जा सकेंगी।
