हल्द्वानी - DM और SSP के खिलाफ सड़कों पर प्रदेशव्यापी आंदोलन छेड़ेगी कांग्रेस, विधायक सुमित हृदयेश ने लगाए यह आरोप
हल्द्वानी - गैरसैंण विधानसभा सत्र से लौटने के बाद कांग्रेस विधायक सुमित हृदयेश ने हल्द्वानी में एक ज़ोरदार प्रेसवार्ता कर राज्य सरकार और पुलिस प्रशासन पर बड़ा हमला बोला। उन्होंने कहा कि नैनीताल जिला पंचायत अध्यक्ष चुनाव में जो अराजकता फैली, वह उत्तराखंड जैसे शांतिप्रिय राज्य के लोकतांत्रिक मूल्यों पर गहरी चोट है।
विधायक हृदयेश ने आरोप लगाया कि जिला प्रशासन—विशेषकर डीएम और एसएसपी—ने भाजपा नेताओं के इशारे पर नैनीताल जिला पंचायत के चुनावों में विपक्षी विधायकों के साथ बदसलूकी और "किडनैपिंग" जैसी शर्मनाक घटना को अंजाम दिया। उन्होंने इस कृत्य को लोकतंत्र की हत्या बताया और चेताया कि यदि दोषियों पर कार्रवाई नहीं हुई, तो कांग्रेस प्रदेशव्यापी आंदोलन छेड़ेगी।
उन्होंने कहा, “जिस तरह लोकतंत्र की धज्जियां उड़ाई गईं और पुलिस संरक्षण में गुंडई कराई गई, वह सीधे-सीधे DM और SSP की मिलीभगत का परिणाम है। कांग्रेस इन दोनों अधिकारियों पर सख्त कार्रवाई की मांग को लेकर अडिग है।” इसके साथ ही उन्होंने कांग्रेस की ओर से एक बड़े जनांदोलन की घोषणा की, और कहा कि जनता अब भाजपा की तानाशाही के खिलाफ लामबंद हो चुकी है। प्रेसवार्ता में कांग्रेस के तमाम वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता उपस्थित रहे, जिनमें जिलाध्यक्ष राहुल छिमवाल, महिला प्रदेश महासचिव शोभा बिष्ट, पूर्व महानगर अध्यक्ष हरीश मेहता सहित कई प्रमुख नाम शामिल रहे।
