उत्तराखंड - देहरादून में मुख्यमंत्री आवास कूच पर निकली कांग्रेस, हल्द्वानी में भाजपा अनुसूचित मोर्चा का सामाजिक सौहार्द संकल्प धरना 
 

 | 
उत्तराखंड - देहरादून में मुख्यमंत्री आवास कूच पर निकली कांग्रेस, हल्द्वानी में भाजपा अनुसूचित मोर्चा का सामाजिक सौहार्द संकल्प धरना 

देहरादून - हल्द्वानी में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की रैली के बाद हुए कथित शुद्धिकरण के मामले को लेकर कांग्रेस ने सोमवार को मुख्यमंत्री आवास कूच किया। देहरादून के परेड ग्राउंड से भारी बारिश के बीच बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता और पार्टी पदाधिकारी मुख्यमंत्री आवास की ओर रवाना हुए। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने प्रदेश सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल और पूर्व मंत्री हरक सिंह रावत समेत पार्टी के वरिष्ठ नेता कूच में शामिल रहे। कांग्रेस नेताओं ने प्रदेश सरकार पर संविधान का अपमान करने, भ्रष्टाचार को बढ़ावा देने और दलित विरोधी होने के आरोप लगाए। नेताओं ने कहा कि सरकार की नीतियों के खिलाफ आवाज उठाने के लिए बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता सड़कों पर उतरे हैं।

कांग्रेस नेताओं ने राहुल गांधी के खिलाफ दर्ज मुकदमे को लेकर भी सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि बारिश या खराब मौसम कांग्रेस के आंदोलन को रोक नहीं सकता। पार्टी आगामी चुनाव में इन मुद्दों को लेकर जनता के बीच जाएगी और सरकार से जवाब मांगेगी। रैली को देखते हुए पुलिस ने परेड ग्राउंड से मुख्यमंत्री आवास तक सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए। यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए भी पुलिस की ओर से आवश्यक व्यवस्थाएं की गईं।

भाजपा अनुसूचित मोर्चा का धरना - 
देहरादून में कांग्रेस के मुख्यमंत्री आवास कूच के विरोध में भाजपा अनुसूचित मोर्चा ने हल्द्वानी में मोर्चा खोल दिया। नैनीताल रोड़ स्थित खुशीराम टम्टा पार्क में भाजपा की ओर से सामाजिक सौहार्द संकल्प धरना आयोजित किया गया। धरने में कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा, नैनीताल विधायक सरिता आर्या, भाजपा प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य महेश शर्मा, मीडिया सलाहकार समिति के उपाध्यक्ष ध्रुव रौतेला समेत कई विधायक, पार्टी पदाधिकारी और अनुसूचित समाज के लोग शामिल हुए।

भाजपा नेताओं ने कांग्रेस पर अनुसूचित समाज के अपमान का आरोप लगाते हुए कहा कि कांग्रेस समाज को केवल वोट बैंक के रूप में देखती है। कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा ने कहा कि भाजपा सामाजिक सौहार्द और सभी वर्गों के सम्मान की राजनीति में विश्वास करती है। भाजपा अनुसूचित मोर्चा के आह्वान पर आयोजित धरने में बड़ी संख्या में अनुसूचित समाज के लोगों ने भाग लिया। नेताओं ने कहा कि सामाजिक सौहार्द और आपसी भाईचारे को बनाए रखने के लिए सभी राजनीतिक दलों को जिम्मेदारी के साथ काम करना चाहिए।

WhatsApp Group Join Now